प्रदेश की 234 तहसील में मॉडर्न रिकार्ड-रूम
प्रदेश की 234 तहसील में  मॉडर्न रिकार्ड-रूम
वर्तमान में मध्यप्रदेश के 36 जिले के 234 तहसील के रिकार्ड-रूम का आधुनिकीकरण हो गया है। शेष जिलों में भी यह कार्य शीघ्र पूरा हो जायेगा। यह जानकारी आज नेशनल लेंड रिकार्ड माडर्नाइजेशन प्रोग्राम की मध्य एवं पूर्वी क्षेत्र की समीक्षा बैठक में दी गई।बैठक में भारत सरकार की सचिव वंदना कुमारी जैना ने मध्यप्रदेश में भू-अभिलेख के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रिकार्ड दुरुस्त होगा तो किसानों को भटकना नहीं पड़ेगा, कार्य शीघ्रता से निपटेंगे और आपसी विवाद नहीं होंगे। उन्होंने समस्त जानकारी वेबसाइट में डालने के निर्देश दिये। यह वेबसाइट http://www.landrecords.mp.gov.in/ है। कम्प्यूटराइज कॉपी आवेदक द्वारा माँगे जाने पर दी जायेगी।श्रीमती जैना ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला और तहसील के भू-अभिलेखों को दुरुस्त रखें। इससे किसानों को खसरा, खतौनी, भू-अधिकार, ऋण-पुस्तिका, किश्तबंदी आदि की नकल आसानी से प्राप्त हो सकेगी। साथ ही रिकार्ड में पारदर्शिता आयेगी। मध्यप्रदेश के आयुक्त भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त श्री राजीव रंजन ने वर्ष 2014-15 की वार्षिक कार्य-योजना और उपलब्धि संबंधी प्रेजेन्टेशन दिया।श्रीमती जैना ने देश के मध्य एवं पूर्वी क्षेत्र पश्चिमी बंगाल, छत्तीसगढ़, बिहार, उड़ीसा, नागालेंड एवं सिक्किम के अधिकारियों से भू-अभिलेख के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। बैठक में आर्थिक सलाहकार श्री सुरेन्द्र सिंह और प्रदेश के प्रमुख सचिव राजस्व श्री अरुण तिवारी मौजूद थे।