हिन्दुस्तान का दिल देखो
हिन्दुस्तान का दिल देखो
पर्यटन राज्य मंत्री पटवा ने किया अवलोकन हनुवंतिया में चल रहे प्रथम जल-महोत्सव में ''हिन्दुस्तान का दिल देखो'' शीर्षक से आकर्षक और रुचिकर प्रदर्शनी लगायी गयी है। प्रदर्शनी में सिंहस्थ-2016 प्रखण्ड और मध्यप्रदेश में पर्यटन प्रखण्ड में ज्ञानवर्द्धक एवं रुचिकर जानकारी तथा छायाचित्र प्रदर्शित किये गये हैं। पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा एवं मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक एवं आम नागरिकों तथा जन-प्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की। सचिव मुख्यमंत्री एवं पर्यटन निगम के प्रबंध संचालक हरिरंजन राव ने प्रदर्शनी की विषय-वस्तु एवं थीम से अवगत करवाया।प्रदर्शनी में भेड़ाघाट का मार्बल रॉक, नरसिंहगढ़ के 16 खम्बे, सोनागिरि के जैन मंदिर, श्रंगार किये हुए डिंडोरी की बेगा आदिवासी महिला, झाबुआ अलीराजपुर का भगोरिया, ओरछा की प्रसिद्ध छतरी, बटेश्वर मंदिर समूह एवं मध्यप्रदेश के बाघ की प्रतिकृति प्रदर्शित किये गये हैं। प्रदर्शनी के प्रवेश-द्वार पर संस्कृत का श्लोक अंकित है, जिसका तात्पर्य है सभी तीर्थों के पुण्य, सभी यज्ञों के फल, सभी वेदों का ज्ञान, नर्मदा तट पर प्राप्त होता है। सुखद संयोग है कि पर्यटन विकास निगम द्वारा प्रथम जल महोत्सव का शुभारंभ वसंत पंचमी से हुआ है।