युवा स्वयं को पहचान कर लक्ष्य बनायें
युवा स्वयं को पहचान कर लक्ष्य बनायें
शिवराज ने ओरिएन्टल कॉलेज में किया छात्रों का आव्हानमुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जीवन में कुछ भी असंभव नहीं है। जरूरत स्वयं को पहचान, लक्ष्य तय कर उसे पाने के प्रयासों की है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को साकार करने में प्रदेश सरकार भरपूर सहयोग करेगी। श्री चौहान आज यहाँ ओरिएन्टल कॉलेज ऑफ सांइस एण्ड टेक्नालॉजी में कम्प्यूटर एडेड डिजाइन एन्ड मैन्यूफैक्चरिंग लेब का शुभारंभ कर रहे थे। अध्यक्ष नगर निगम सुरजीत सिंह चौहान भी मौजूद थे।मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने में हर संभव सहयोग कर रही है। शिक्षा के लिये नि:शुल्क पुस्तकें, गणवेश, छात्रवृत्ति और उच्च शिक्षा ऋण उपलब्ध करा रही है जिसकी गारंटी और ब्याज राज्य सरकार देती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों का जाल बिछाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और मुख्यमंत्री कान्ट्रेक्टर योजना जैसी योजनाएँ संचालित की गयी हैं। इनोवेटिव परियोजनाओं के लिये 100 करोड़ का वेंचर केपिटल फन्ड बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधुनिक बुनियादी सुविधाओं का ढाँचा भी तैयार किया गया है। देश की स्मार्ट सिटी की प्रथम 20 नगरों की सूची में प्रदेश के तीन नगर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सरकार शहरों को बदलने के लिये 75 हजार करोड़ रूपये व्यय करेगी।इस अवसर पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के उप कुलपति पीयूष त्रिवेदी, संस्थान के फाउन्डर चेयरमेन के.एल. ठकराल और चेयरमेन ऑफ ओरिएन्टल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन प्रवीण ठकराल भी उपस्थित थे।