मुख्यमंत्री ने दिलाया लोगों को जोड़ने का संकल्प
 CM KAMALNATH

सीएम कमलनाथ ने इंदौर में फहराया तिरंगा ध्वज

 

मुख्यमंत्री बनने के बाद कमलनाथ ने इंदौर में गणतंत्र दिवस पर पहला ध्वजारोहण कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर किया | कांग्रेस कार्यालय के बाहर गणतंत्र दिवस समारोह में शहर और जिला कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए |  मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस के इतिहास को त्याग और बलिदान वाला बताते हुए कार्यकर्ताओं को मौजूदा चुनौतियों का मुकाबला करने और अनेकता में एकता को बनाए रखने का संकल्प दिलाया  | 

कांग्रेस कार्यालय पर ध्वजारोहण के ठीक पहले मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद गोविंद खादीवाला की गांधी भवन में लगी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया  | बाद में ध्वजारोहण करते हुए पांच मिनट से भी कम समय के अपने भाषण में कमलनाथ ने  कांग्रेसियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी  | उन्होंने डॉ. आंबेडकर को याद करते हुए कहा कि विश्व में सबसे बेहतर संविधान भारत को मिला है  |  हमें संविधान के मूल्यों के साथ-साथ देश की संस्कृति को बचाने का भी संकल्प लेना होगा  | 70 साल बाद फिर से चुनौती हमारे सामने है, जबकि अनेकता में एकता की हमारी संस्कृति पर संकट है |  हम संकल्प लें कि हर चुनौती का डटकर मुकाबला करेंगे  | कांग्रेस ने हमेशा समाज को जोड़ा है|  हम उसी संस्कृति के वाहक बनेंगे | 

छोटे से मंच पर मुख्यमंत्री के साथ शोभा ओझा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन, विनय बाकलीवाल और जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव मौजूद रहे  |  मंच के नजदीक एक खास घेरा बनाया गया था  |  इस घेरे में सिर्फ चुनिंदा पदाधिकारियों को ही आने की अनुमति थी  |  मुख्यमंत्री के आने से पहले कई कांग्रेसी इस घेरे में घुसने की कोशिश करते रहे  |  लेकिन  सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और अन्य पदाधिकारी उन्हें लौटाते रहे  |