राम मंदिर के लिए पीएम मोदी ने किया ट्रस्ट का ऐलान
 NARENDRA MODI

संसद में लगे जयश्री राम जय जय श्री राम के नारे

अधिगृहित भूमि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को दी

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा ऐलान किया...पीएम मोदी ने लोकसभा में कहा कि मेरी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार एक बड़ी योजना तैयार की है  | सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार राम मंदिर ट्रस्ट का गठन किया गया है  |  जिसका नाम श्री राम जन्मभूमि  तीर्थ  क्षेत्र रखा गया है  | यह ट्रस्ट अयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर निर्माण से जुड़े फैसले लेने के लिए स्वतंत्र होगा  |  साथ ही पीएम ने बताया कि अयोध्या में 5 एकड़ जमीन मस्जिद निर्माण के लिए देने के लिए भी राज्य सरकार ने सहमति दे दी है  |  पीएम ने जैसे ही यह ऐलान किया संसद भवन जयश्री राम के नारों से गूंज उठा  | ट्रस्ट में कुल 15 सदस्य होंगे, जिनमें 1 दलित होगा | 

संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि 9 नवंबर को जिस दिन सुप्रीम कोर्ट ने यह ऐतिहासिक फैसला सुनाया, तब मैं करतापुर में था  |  गुरुनानक देवजी का 550वां प्रकाश पर्व था और बहुत ही पवित्र वातावरण था |  मैंने लौटकर पूरा फैसला जाना और देखा कि किस तरह पूरे देश ने इस फैसले के स्वागत किया है | \'करोड़ों देशवासियों की तरह ही मेरे हृदय के करीब है इस विषय पर बात करना मैं अपना सौभाग्य समझता हूं |  ये विषय श्रीराम जन्म भूमि से जुड़ा हुआ है  |  ये विषय है अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर से जुड़ा हुआ है  |  अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण, वर्तमान और भविष्य में रामलला के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या और उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है | 

हमारी संस्कृति, परंपराएं, हमें वसुधैव कुटुंबकम और सर्वे भवन्तु सुखिनः का दर्शन देती हैं और इसी भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देती हैं  |  मेरी सरकार ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के लिए और इससे संबंधित अन्य विषयों के लिए एक वृहद योजना तैयार की है | \'सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार एक स्वायत्त ट्रस्ट \'श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र\' का गठन करने का प्रस्ताव पारित किया गया है | ये ट्रस्ट अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मस्थली पर भव्य और दिव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण और उससे जुड़े विषयों पर निर्णय लेने के लिए पूर्ण रूप से स्वतंत्र होगा  |  \'हिंदुस्तान में हर पंथ के लोग एक बृहद परिवार के सदस्य हैं  | इस परिवार के हर सदस्य का विकास हो, वो सुखी, स्वस्थ रहे, समृद्ध रहे, देश का विकास हो, इसी भावना के साथ मेरी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के सिद्धांत पर चल रही है  | \'आइए, इस ऐतिहासिक क्षण में हम सभी सदस्य मिलकर अयोध्या में श्रीराम धाम के जीर्णोद्धार के लिए, भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए, एक स्वर में अपना समर्थन दें  |