इंदौर में 5 कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीज मिले
  corona Positive

उज्जैन में एक पॉजिटिव मिलने के बाद कर्फ्यू

 

मध्यप्रदेश में भी लगातार कोरोना वायरस से पीड़ित व्यक्तियों की संख्या बढ़ती जा रही है |  इंदौर  में 5  व्यक्तियों में कोरोना पॉजिटिव मिला हैं |  इनमे से चार इंदौर और एक उज्जैन का रहने वाला है | मरीज में कोरोना की पुष्टि होने के बाद उज्जैन में कर्फ्यू लगा दिया गया है | 

इंदौर में पांच लोगों में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है |  इनमें से तीन मरीज बॉम्बे अस्पताल, एक अरिहंत अस्पताल में और एक एमवाय अस्पताल में भर्ती हैं |   तीन मरीज एक ही  परिवार के हैं, ये ऋषिकेश घूमने गए थे |  इनमें से 4 की कोई फॉरेन हिस्ट्री नहीं है |  प्रशासन  पता कर रहा है कि किसके संपर्क में आए हैं |  इंदौर कलेक्टर लोकेश कुमार जाटव ने कहा है कि इस बात को लेकर पैनिक की आवश्यकता नहीं है  | सभी मरीजों की हालत स्थिर है और वे चिकित्सीय निगरानी में हैं  | सभी का बेहतर इलाज हो रहा है और अन्यत्र संक्रमण नहीं हो, इसके पुख्ता इंतजाम किए गए हैं  | चार इंदौर के रहवासी हैं और एक उज्जैन का है | कलेक्टर जाटव ने यह भी कहा है कि प्रशासन आम जनता को जरूरी सामान घर पर ही उपलब्ध कराने के लिए ठोस उपाय कर रहा है  ...  जरूरी सामान घर पर उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन स्टोर्स, वेंडर और विक्रेताओं के डिटेल्स जल्द जारी किए जाएंगे ताकि ऑनलाइन ऑर्डर कर घर पर ही आवश्यक वस्तुएं मिल सकें  | 

उज्जैन के एक व्यक्ति में  कोरोना वायरस पॉजिटिव  मिला है, जिसका इंदौर के अस्पताल में इलाज चल रहा है | इसके बाद उज्जैन में कर्फ्यू लगा दिया गया है | जानकारी के मुताबिक महिला मरीज को 22 मार्च को उज्जैन के चैरिटेबल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, ज्यादा सर्दी-खांसी के बाद उसे माधव अस्पताल में शिफ्ट किया गया और इसके बाद कोरोना वायरस के लक्षण दिखने के बाद मरीज को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है|  जहां बुधवार सुबह उन्हें कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया |  उज्जैन कलेक्टर  शशांक मिश्र ने आमजन से अनुरोध किया है कि वह अपने घरों में रहें

इधर इंदौर में  नगर निगम ने कहा की सतर्कता अत्यंत ही आवश्यक है |   यदि किसी व्यक्ति को डॉक्टरों द्वारा होम क्वॉरेंटाइन के निर्देश दिए गए हैं तो वह इसका अनिवार्य रूप से पालन करें तथा घर में अलग कमरे में आइसोलेशन में रहे  | निगमआयुक्त आशीष सिंह ने बताया कि  आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के लिए नगर निगम भी  व्यवस्था कर रहा है  | हर वार्ड  में जरूरी वस्तुओं के निगम द्वारा संचालित पांच सेंटर बनाये जाएंगे  | 

इंदौर में 5 मरीज मिलने के बाद मध्य प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है |  इसके पहले जबलपुर में 6, भोपाल, ग्वालियर और शिवपुरी में एक-एक मरीज मिले हैं | सबसे पहले जबलपुर में 4 मरीज मिले थे, इसके बाद भोपाल में  ग्वालियर और शिवपुरी में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं|