फ्रांस में होगा मध्यप्रदेश का सांस्कृतिक उत्सव
फ्रांस में होगा मध्यप्रदेश का सांस्कृतिक उत्सव
एमपी के संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने कहा कि फ्रांस में मध्यप्रदेश का सांस्कृतिक उत्सव करवाने पर विचार किया जायेगा। श्री शर्मा भारत में चल रहे फेस्टिवल ऑफ फ्रांस के अंतर्गत आज रवीन्द्र भवन में ‘‘पेन एण्ड प्लेजर एट द कोर्ट ऑफ वर्सेल्स’’ के सांगीतिक कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद और द आलियांस फ्रांसेस डी भोपाल के सहयोग से करवाया जा रहा है। कार्यक्रम में बारोक क्लासिकल म्युजिक पर आधारित सांगीतिक प्रस्तुति फ्रांसीसी कलाकारों द्वारा दी गई।संस्कृति मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम फ्रांस और भारत के बीच सांस्कृतिक समरसता का एक उदाहरण बनेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की कला और संस्कृति देश और विदेश में फैले, इसके पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। श्री शर्मा ने द आलियांस फ्रांसेस डी, भोपाल द्वारा किए जा रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की।फ्रांस के राजदूत श्री फ्रोंसुआ रीशिए ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से भारत और फ्रांस के बीच संस्कृति सहित अन्य क्षेत्रों में और बेहतर एवं सहयोगात्मक संबंध बनेंगे। उन्होंने कहा कि यह उनकी पहली भोपाल यात्रा है। इस यात्रा से वह जहाँ भोपाल शहर की खूबसूरती से रू-ब-रू हो सके, वहीं यहाँ रहने वाले फ्रेंच लोगों से मिलकर बहुत खुश हैं।संस्कृति सचिव श्री पंकज राग ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बारोक संगीत पाश्चात्य संगीत की एक शैली है। इसमें हार्पिसीकॉर्ड वाद्य यंत्र का उपयोग किया जाता है। यह बहुत पुराना वाद्य यंत्र है। श्री राग ने कहा कि यह कार्यक्रम यादगार रहेगा।सांस्कृतिक संध्या में सुश्री माईलिस द विलुत्रे का गायन, सुश्री आलिस पिसरौ का वायलिन वादन, सुश्री विओलेन कोसा का हार्पिसीकॉर्ड वादन और सुश्री एनाबेल लुईस का चैलो वादन उल्लेखनीय रहा।इस दौरान कौन्सुल जनरल फ्रांस (मुम्बई) जों राफेल पेत्रेनिये और द आलियांस फ्रांसेस डी, भोपाल के संचालक जूलियाँदाल वास्को, संचालक संस्कृतिश्रीराम तिवारी एवं सुधी श्रोता उपस्थित थे।