जीतेंद्र नानू के अवैध निर्माण पर बुलडोजर
इंदौर नगर निगम ने शहर के सूचीबध्द गुंडों द्वारा किए गए अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है | पुलिस प्रशासन ने निगम को 15 बड़े गुंडों और उनके द्वारा किए गए अवैध निर्माण की सूची सौंपी है, जिन पर अब चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई शुरू हो गई है | सबसे गुंडे साजिद और जितेंद्र नानू के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला |
पहले चरण में बुधवार को गुंडे साजिद चंदनवाला के अवैध निर्माण को तोड़ने की शुरुआत रानीपुरा स्थित संत रविदास मार्ग स्थित दो मंजिला ध्वस्त करके की गई | साजिद की तीन दुकानें भी तोड़ी गई | इसके लिए नाले में पोकलेन मशीन उतारनी पड़ी | दुकानों का निर्माण 30 बाय 50 फीट क्षेत्रफल में किया गया था | नगर निगम के अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह ने बताया कि जीतेंद्र उर्फ नानू के अवैध निर्माण पर निगम का बुलडोजर चलाया गया | दोनों गुंडों ने अवैध कब्जे करके उन पर निर्माण कार्य कर लिया था | गुंडे जीतेंद्र का अवैध मकान चंदन नगर थाना क्षेत्र में स्थित है | लंबे समय से प्रशासन गुंडों के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की योजना बना रहा था, लेकिन कोरोना महामारी के कारण कार्रवाई लगातार टलती जा रही थी | आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अब सरकार की तरफ से भी कार्रवाई शुरू करने का इशारा हो गया है | नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब लगभग हर दिन किसी न किसी गुंडे का अवैध निर्माण तोड़ा जाएगा |