राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी कर सकता है मध्यप्रदेश
राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी कर सकता है मध्यप्रदेश
शिखर खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री चौहान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भोपाल में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिये भारत सरकार से अनुरोध किया जायेगा। इसके लिये सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ भी की जायेंगी। चौहान भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में मध्यप्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ओलम्पिक पदक विजेता साइना नेहवाल को 50 लाख की पुरस्कार राशि और मध्यप्रदेश की युवा शूटिंग खिलाड़ी वर्षा बर्मन को 50 लाख रुपये की स्कॉलरशिप भेंट की।मुख्यमंत्री चौहान ने साइना नेहवाल को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने खेल से दुनिया में देश का अभी और नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश से भी सुश्री साइना नेहवाल और श्री सुशील कुमार जैसे खिलाड़ी निकलें, इसके लिये खिलाड़ियों को सभी सुविधाएँ दी जायेंगी। हर खिलाड़ी जिद, जुनून और जज्बे के साथ अभ्यास करे। उनकी बाकी सभी जिम्मेदारियाँ और आवश्यकताएँ राज्य सरकार पूरी करेगी। प्रदेश की खेल अकादमियों में खिलाड़ियों का बच्चों की तरह ध्यान रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों के लिये धन का अभाव नहीं है। खेलों मे जीत देश के सम्मान का विषय है। इसलिये उन्होंने खेलों का वार्षिक बजट 4 करोड़ से बढ़ाकर 150 करोड़ कर दिया है। विक्रम पुरस्कार की राशि को 5000 से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी खेलों में लगातार मध्यप्रदेश का नाम आगे बढ़ा रहे हैं। जूनियर महिला हॉकी टीम में प्रदेश की पाँच खिलाड़ी ने भाग लिया था। भारत की जीत में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। अब खिलाड़ियों को ओलिम्पिक 2020 पर एकाग्र होना होगा। व्यक्ति यदि ठान ले तो वह ब्रह्माण्ड को कमाण्ड कर सकता है।खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने पुरस्कृत खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सही नेतृत्व से प्रगति और विकास की गति तेज हो जाती है। प्रदेश के खेलों में ऐसा ही हो रहा है। 17 खेल अकादमी ने खेलों में प्रदेश का नाम रोशन किया है। कराटे अकादमी नौवीं बार राष्ट्रीय चेम्पियन बनी है। नौकायान अकादमी ने नेवी को भी पछाड़ दिया। कुश्ती में भी सुशील कुमार के प्रशिक्षण में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा राज्य खेल मलखंब को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं।सुश्री साइना नेहवाल ने कहा कि प्रदेश की खेल अकादमियों को देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। युवा खिलाड़ियों को देखकर वे अत्यंत उत्साहित हैं। खिलाड़ी बहुत अधिक संभावनाओं वाले दिखे। प्रदेश सरकार राज्य के खिलाड़ियों का जिस तरह से उत्साहवर्धन और प्रोत्साहन कर रही है यह बहुत प्रसन्नता की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान खेल और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर राष्ट्रीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी सराहते हैं।संचालक खेल एवं युवा कल्याण उपेन्द्र जैन ने बताया कि कोरिया में आयोजित एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश के 8 खिलाड़ी ने देश का प्रतिनिधित्व किया। एक खिलाड़ी ने पदक भी प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में संचालित 17 खेल अकादमी के खिलाड़ियों ने 25 अंतर्राष्ट्रीय और 159 राष्ट्रीय पदक जीते हैं।प्रारंभ में ''खेल केलेण्डर'' और ''खेल अकादमी'' नामक पुस्तिका का विमोचन किया गया। नौ खिलाड़ी को विक्रम पुरस्कार, 13 जूनियर खिलाड़ी को एकलव्य पुरस्कार, तीन प्रशिक्षक को विश्वामित्र पुरस्कार, जबलपुर की श्रीमती पुष्पा वर्मा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, उज्जैन की सुश्री यशोदा मदारिया को स्वर्गीय प्रभाष जोशी खेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश ओलिम्पिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला और प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण डॉ. एम. मोहन राव भी उपस्थित थे।