नर्मदा परिक्रमा करने वालों के लिए सदाव्रत धर्मशाला
नर्मदा परिक्रमा करने वालों के लिए  सदाव्रत धर्मशाला
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि दूसरों की सेवा सबसे बड़ा धर्म है और दूसरों को कष्ट देना सबसे बड़ा पाप। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की सार्थकता तभी है, जब दूसरों के उत्थान के लिये जिया जाये। श्री चौहान रायसेन के गोमतीबाई सारंग जन-सेवा न्यास द्वारा घाट पिपरिया में नर्मदा तट पर निर्मित सदाव्रत धर्मशाला का शुभारंभ कर रहे थे। धर्मशाला में नर्मदा परिक्रमा करने वाले तीर्थ-यात्रियों के ठहरने और उनके लिये स्वास्थ्य सेवाएँ दी जायेंगी।मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य शासन ने गरीबों के हित में अनेक जन-कल्याणकारी योजनाएँ चलायी हैं। सरकार प्रदेश के हर नागरिक के सुख-दु:ख में साथ है। उन्होंने कहा कि ओला प्रभावित किसानों को राहत देने में भी शासन द्वारा किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने राज्य शासन द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि प्रदेश में कल्याणकारी योजनाओं के साथ विकास कार्य भी प्रगतिशील हैं। श्री चौहान ने डूमरघाट पिपरिया में हाई स्कूल बनाने की घोषणा की।कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ के मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधानसभा अध्यक्ष श्री सीतासरन शर्मा, पूर्व सांसद श्री कैलाश सारंग, विधायक श्री विश्वास सारंग ने भी संबोधित किया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डे, प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सरताज सिंह, पशुपालन मंत्री कुसुम महदेले, परिवहन मंत्री भूपेन्द्र सिंह, संस्कृति राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा, पूर्व सांसद कैलाश जोशी और विधायक रामकिशन पटेल उपस्थित थे।