डॉ. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान संस्थान को विश्वविद्यालय का दर्जा
डॉ. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान संस्थान को विश्वविद्यालय का दर्जा
केन्द्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान, केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गेहलोत और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आज महू में डॉ. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान शोध संस्थान को विश्वविद्यालय का दर्जा देते हुए नाम पटि्टका का अनावरण किया। इस संस्थान का नाम डॉ. बी.आर. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय रखा गया है। इस अवसर पर अतिथियों ने संविधान उद्देशिका स्तम्भ और डॉ. अम्बेडकर स्मृति संग्रहालय का लोकार्पण भी किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय खाद्य मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने सामाजिक सदभाव और समरसता के लिये काम किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने संसद भवन में डॉ. अम्बेडकर का तेलचित्र लगवाया, नवबौद्धों को आरक्षण दिया, दिल्ली में डॉ. अम्बेडकर का भव्य स्मारक बनवाया और अब केन्द्र सरकार अमेरिका में डॉ. अम्बेडकर का स्मारक बनाने के लिए प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश शासन ने महू में डॉ. अम्बेडकर स्मारक बनवाकर सराहनीय कार्य किया है। यहाँ पर आज सुव्यवस्थित महाकुंभ देखकर मैं अभिभूत हूँ।केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गेहलोत ने कहा कि डॉ. बी.आर. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान शोध संस्थान को विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने के बाद अब यह विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना विस्तार करेगा। इसे विश्व के प्रसिद्ध विश्वविद्यालयों से जोड़ा जायेगा। विश्वविद्यालय में समाज विज्ञान, कृषि, प्रबंधन, इंजीनियरिंग आदि का अध्ययन और अध्यापन किया जायेगा। श्री गेहलोत ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन के विशेष प्रयास से महू में हर साल 14 अप्रैल को महाकुंभ किया जाता है। डॉ. अम्बेडकर ने सभी जातियों, धर्मों के कल्याण के लिए काम किया। दिल्ली में भी अलीपुर रोड पर उनके स्मारक का और विस्तार किये जाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय सामाजिक न्याय मंत्रालय ने इंदौर में पाँच-पाँच सौ सीट के अन्य पिछड़ा वर्ग और विकलांगों के लिए छात्रावास स्वीकृत कर आवश्यक बजट मुहैया करवा दिया है।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन ने सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय काम किये हैं। महू का नाम डॉ. अम्बेडकर नगर रख दिया है। महू रेलवे स्टेशन का नाम डॉ. अम्बेडकर के नाम पर रखने का प्रस्ताव केन्द्रीय रेल मंत्रालय को भेज दिया गया है। साँची में बौद्ध विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है, जिससे विद्यार्थी महात्मा गौतम बुद्ध के प्रेम, शांति और बंधुत्व के उद्देश्यों का अध्ययन कर सकेंगे। महू स्थित डॉ. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनायेगा। इसे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की तर्ज पर विकसित किया जायेगा।श्री चौहान ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर के विचार आज भी प्रासंगिक है। उनके सिद्धांतों, आदर्शों और विचारों के और अधिक प्रचार-प्रसार की जरूरत है। डॉ. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय का राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार किया जायेगा। इसे यूरोप और अमेरिका के विख्यात विश्वविद्यालयों से जोड़ा जायेगा।श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में किसानों के लिए फसल बीमा योजना शीघ्र लागू की जायेगी और किसानों की वार्षिक आय तय की जायेगी। किसानों को उनकी फसल का सही दाम दिलवाया जायेगा। नगरीय विकास एवं पर्यावरण मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, आदिम जाति कल्याण मंत्री श्री ज्ञानसिंह, खाद्य मंत्री श्री विजय शाह, सामान्य प्रशासन मंत्री लालसिंह आर्य, सांसद नंदकुमार सिंह चौहान, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष डॉ. इन्द्रेश गजभिये, भन्ते संघशील तथा सदानंद महाथौरे विशेष रूप से मौजूद थे।