बस्तर की धरती फिर रक्तरंजित
  Naxal Attack

 

बस्तर की धरती फिर एक बार खूनी होली से रक्तरंजित हो गई। बीजापुर जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र के नक्सली लीडर हिड़मा के गांव टेकलागुड़ा बस्ती के पास शनिवार की दोपहर नक्सलियों ने एंबुश में फंसाकर फोर्स पर हमला कर दिया। इस हमले में कुल 24 जवान अब तक शहीद हुए हैं। जिनमे 8 डीआरजी, 6 एसटीएफ, 6 कोबरा बटालियन और बस्तर बटालियन से 2 जवानों की शहादत हुई है। हालांकि शहीद जवानों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं 31 घायल जवानों का अस्पताल में इलाज चल रहा। घटनास्थल पर कई जवानों के शव पड़े हुए हैं जिन्हें अब तक रिकवर नहीं किया जा सका है। पुलिस ने मुठभेड़ में नक्सलियों को भी भारी नुकसान होने की बात कही है। नौ से अधिक नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया जा रहा है। आईजी ने बताया,  कि नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सुकमा व बीजापुर जिले के करीब दो हजार जवानों को बड़े ऑपरेशन पर भेजा गया था। तर्रेम से 760 जवानों की टुकड़ी नक्सलियों के एंबुश में फंस गई। दो पहाडिय़ों के बीच यू शेप में तीन तरफ से एंबुश लगाए गए थे। पहली ही गोलीबारी में जवानों को नुकसान झेलना पड़ा। करीब चार से पांच घंटे मुठभेड़ चली। शहीद जवानों के शवों को रिकवर करने का प्रयास किया जा रहा है।