सिंहदेव :राष्ट्रीय औसत से ज्यादा हुआ छत्तीसगढ़ में टीकाकरण
 TS Singhdev

कोरोना टीकाकरण पर केंद्र और राज्य सरकार आमने-सामने

 

कोरोना टीकाकरण को लेकर केंद्र और  छत्तीसगढ़  सरकार आमने-सामने आ गए हैं  | केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के सवालों का स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने करारा जवाब दिया  |  सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश में केंद्र सरकार की ओर से जो वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है, उसे लगाने के मोर्चे पर विभाग डटा है | छत्तीसगढ़ में टीकाकरण राष्ट्रीय कवरेज से ज्यादा हुआ है | 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा हर्षवर्धन ने ट्वीट किया था कि कुछ राज्य 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए टीकाकरण शुरू करने की मांग कर रहे हैं |  इसका मतलब यह लगाया जाना चाहिए कि उन्होंने अपने-अपने राज्यों में सभी स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और वरिष्ठ नागरिकों का टीकाकरण कर लिया है |  लेकिन तथ्य बिल्कुल अलग हैं |  इसके बाद केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार आमने सामने हैं | स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि राज्य की लगभग 10 प्रतिशत आबादी को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है |  स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि इस माह के अंत तक 45 से अधिक आयु समूह के 58 लाख 66 हजार 599 लोगों को पहली डोज देकर सुरक्षित कर लिया जाए  | यह कुल आबादी का 20 फीसद है | अभी तक इस आयु समूह के 25 लाख 25 हजार 833 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है  |  

वहीं, हर्षवर्धन के ट्वीट के जवाब में कांग्रेस ने ट्वीट किया, एक व्यक्ति लगातार देश के दो पूंजीपति परिवारों का ध्यान रख रहा है, उनके बच्चों को रोजगार दे रहा है  | सब कुछ उनके नाम कर रहा है |   तो इसका मतलब यह लगाया जाना चाहिए कि उन्होंने देश के 130 करोड़ लोगों को रोजगार, शिक्षा, आवास और स्वास्थ्य दे दिया है  | लेकिन तथ्य बिल्कुल अलग हैं |