सिंहस्थ व्यवस्थाओं में शामिल होंगे 121 प्रशिक्षु आईपीएस
ips-officers-ujjain
 
 
सिंहस्थ महापर्व में शाही स्नान तथा पर्व स्नान पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था तथा क्राउड कंट्रोल के इंतजाम में भागीदारी के लिये भारतीय पुलिस अकादमी हैदराबाद के 136 प्रशिक्षु अधिकारी आज उज्जैन पहुँचे। इनमें विभिन्न राज्य के 121 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के साथ ही रायल भूटान के छह, मालदीप के चार और नेपाल के पाँच प्रशिक्षु अधिकारी शामिल हैं। 
 
पुलिस नियंत्रण कक्ष में इन प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों को सिंहस्थ महापर्व के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रारम्भ में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री एस.एल.थाउसेन ने सिंहस्थ के इतिहास तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक परम्परा की जानकारी देते हुए हरिद्वार, प्रयाग तथा नासिक में सम्पन्न हो चुके कुंभ में की गई व्यवस्थाओं को बताया। श्री थाउसेन ने बताया कि सिंहस्थ में 5 करोड़ श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। हाल ही में सम्पन्न पंचक्रोशी यात्रा में 12 लाख 50 हजार श्रद्धालु ने भागीदारी की, जो एक रिकार्ड है।
 
इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक श्री राकेश गुप्ता ने सुरक्षा बंदोबस्त के बारे में जानकारी दी। पुलिस अकादमी के उप पुलिस महानिरीक्षक श्री जी.एस.राव मौके पर मौजूद थे।