मेडिकल कॉलेज में पदस्थ डॉक्टर दंपत्ति के आवास पर ईओडब्ल्यू का छापा
jabalpur, EOW raid , residence doctor couple ,posted medical college

जबलपुर। जबलपुर में ईओडब्ल्यू की टीम ने बड़ी कार्यवाई की है। बुधवार सुबह करीब छह बजे ईओडब्ल्यू की टीम ने धनवंतरि नगर स्थित चिकित्सक दंपती डॉ. तृप्ति गुप्ता और अशोक गुप्ता के घर छापा मारा है। ईओडब्ल्यू ने यह कार्यवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने के बाद की है। मकान को पहरे में लेते हुए टीम की सर्चिंग जारी है। प्रारंभिक जांच पड़ताल में वैध स्रोतों से अर्जित संपत्ति की तुलना में करीब 72 फीसद संपत्ति ज्यादा पाई गई है।

 

जानकारी के मुताबिक ईओडब्ल्यू एसपी देवेंद्र सिंह राजपूत को चिकित्सक दंपती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत प्राप्त हुई थी। एसपी के निर्देश पर ईओडब्ल्यू निरीक्षक स्वर्ण जीत सिंह धामी ने शिकायत की जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद बुधवार सुबह छापा मारा गया। छापे में दंपती के पास वैध स्रोत से प्राप्त आय के हिसाब से 3 करोड़ 15 लाख 13 हजार 308 रुपये होना चाहिए। जबकि उनके पास करीब 72 फीसद ज्यादा 5 करोड़ 44 लाख 22 हजार 521 रुपये की संपत्ति पता चला है। ईओडब्ल्यू ने दोनों के खिलाफ धारा 13 (1) बी. 13 (2) भ्रनिअ. 1988 संशोधित अधिनियम, 2018 के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रेरणा पांडेय निरीक्षक द्वारा की जा रही है। कार्रवाई डीएसपी ईओडब्ल्यू मनजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। ईओडब्ल्यू एसपी राजपूत ने बताया कि सर्च कार्रवाई एवं विवेचना के दौरान प्राप्त दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की संपत्ती का आंकलन किया जा रहा है।

 

बता दें कि डाक्टर अशोक साहू और तृप्ति मेडिकल कालेज अस्पताल में नान क्लिनिकल पद पर सेवाएं दे रहे हैं। दोनों मेडिकल कालेज अस्पताल के बायोकेमिस्ट्री विभाग में पदस्थ हैं। डाक्टर तृप्ति गुप्ता मध्य प्रदेश आयुर्विज्ञान चिकित्सा विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक और डिप्टी रजिस्ट्रार रह चुकी हैं। उनके कार्यकाल के दौरान विश्वविद्यालय में कई घोटाले सामने आए थे।