बस्तर में रेल सुविधाओं को लेकर भाजपा का प्रतिनिधि मंडल दिल्ली रवाना
jagadalpur, BJP delegation leaves ,Delhi regarding, rail facilities ,Bastar

जगदलपुर। बस्तर में लंबित अंतागढ़-जगदलपुर रेल लाईन के लिए आंदोलन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है, जिसे देखते हुए भाजपा सक्रिय हो गई है। वहीं दूसरी ओर सत्तारूढ़ कांग्रेस इस मामले में अभी तक खुलकर सामने नही आई है। इसका कारण यह माना जा रहा है कि अंतागढ़-जगदलपुर रेल लाईन के लिए छत्तीसगढ़ शासन को ही रेल लाईन के लिए जमीन उपलब्ध करवाना है, जमीन विवाद पर उच्च न्यायालय बिलासपुर के आदेश के बाद भी इस दिशा में कोई प्रगति नही हुई है।

 

बस्तर में रेल सुविधा, हवाई सेवा के विस्तार व सड़क मार्ग की बेहतर व्यवस्था की मांग को लेकर बस्तर के भाजपा नेता दिल्ली रवाना हुए हैं, बस्तर में रेल की सुविधाओं में वृद्धि, हवाई सेवा के विस्तार और सड़क मार्ग बेहतर हो, इसके लिए संबंधित विभागों के केंद्रीय मंत्रियों से प्रतिनिधि मंडल भेंट करेगा। बस्तर के भाजपा नेता प्रतिनिधि मंडल पूर्व सांसद दिनेश कश्यप व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसिंह मंडावी के नेतृत्व में दिल्ली रवाना हुआ है। प्रतिनिधि मंडल में कांकेर सांसद मोहन मंडावी, पूर्व मंत्री लता उसेंडी, महेश गागडा, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, संतोष बाफना, श्रीनिवास राव मद्दी, कमलचंद्र भंजदेव, बैदूराम कश्यप, बाबुल नाग शामिल हैं। दिल्ली में भाजपा का प्रतिनिधि मंडल बस्तर के विकास को गति देने के लिए केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर चर्चा करेगा।

 

भाजपा जिलाध्यक्ष रुपसिंह मंड़ावी ने बताया कि बस्तर के बेहतर व तीव्र विकास के लिए भाजपा संकल्पित है। बस्तर विकास का रोड मैप लेकर भाजपा नेताओं का प्रतिनिधि मंडल दिल्ली जा रहा है।