दुष्कर्म के आरोपित महंत सीतारामदास के मकान पर चला बुलडोजर
rewa, Bulldozer ran , house of Mahant Sitaramdas, accused of rape

रीवा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा में एक दिन पहले राजनिवास सर्किट हाउस में किशोरी के साथ दुष्कर्म के कथित आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसके मकान पर बुलडोजर चलाने के निर्देश दिए थे। जिला प्रशासन और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपित महंत सीतारामदास उर्फ समर्थ त्रिपाठी को बुधवार की रात ही सिंगरौली में गिरफ्तार किया। इसके बाद गुरुवार को उसके मकान पर बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया।

 

रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि सर्किट हाउस में गत दिनों कथित तौर पर सीतारामदास उर्फ समर्थ त्रिपाठी ने अपने कुछ साथियों के साथ नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था और फरार हो गया था। रीवा तथा सिंगरौली पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में मुख्य आरोपित को गुरुवार देर शाम बस स्टैण्ड के पास नाई की दुकान में गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को मुख्य आरोपित महंत तथा उसके सहयोगी विनोद पाण्डेय को सिविल लाइन थाने से जुलूस निकालते हुए पैदल न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय द्वारा आरोपितों को पूछताछ के लिए पुलिस अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए।

 

उन्होंने बताया कि दुष्कर्म जैसे घृणित अपराध में शामिल आरोपित सीतारामदास के पैतृक गांव गुढ़वा में जेसीबी चलाकर उसका मकान ढहा दिया गया।

 

कलेक्टर पुष्प ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी पर प्रकरण दर्ज होने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्यवाही करते हुए उसकी परिसम्पत्तियों की पहचान की। मुख्य आरोपित के पैतृक गांव गुढ़वा में प्रशासन ने महंत के घर को ढहाने की कार्यवाही की। इस अवसर पर वरिष्ठ राजस्व और पुलिस अधिकारी तथा भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात रहा। अन्य आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस तत्परता से प्रयास कर रही है। दुष्कर्म में लिप्त कथित आरोपितों की अचल सम्पत्तियों को नष्ट करने की कार्यवाही जारी रहेगी।