खैरागढ़ में कांग्रेस प्रचंड मतों से चुनाव जीत रही : धनंजय
raipur, Congress , winning elections , Khairagarh , Dhananjay

रायपुर। पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन से भाजपा के नेता बैचेन हो रहे हैं। खैरागढ़ उपचुनाव में भाजपा की करारी हार के लिए अभी से बहाना बनाना शुरू कर दिये हैं।

सच्चाई यह है कि 15 साल के सत्ता के बाद भाजपा को छत्तीसगढ़ की जनता ने 15 सीट में समेट दिया और उपचुनाव में हार के बाद भाजपा अब 14 सीट में सिमट गई है। भाजपा की सत्ता जाने के बाद राज्य में जितने भी चुनाव हुए उसमें भाजपा को मुंह के ही खानी पड़ी है। चित्रकूट दंतेवाड़ा और मरवाही के उपचुनाव में भी भाजपा को जनता ने खारिज कर दिया। नगर निगम नगर पालिका और जिला पंचायत और त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनाव में भी भाजपा को मुंह की खानी पड़ी थी।

धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि खैरागढ़ की जनता ने मन बना लिया है कि 12 अप्रैल को खैरागढ़ जिला बनाने के लिये खैरागढ़ के विकास लिये मतदान करेंगे। खैरागढ़ की जनता भाजपा के 15 साल के कुशासन और वायदा खिलाफी के खिलाफ मतदान करने जा रही है। कांग्रेस उम्मीदवार के पास क्षेत्र के विकास के लिये विजन है जो कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र के माध्यम से जनता के समक्ष रखा है। भाजपा सिर्फ नकारात्मकता के आधार पर चुनाव लड़ रही है।