खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान दल रवाना
rajnandgaon, Polling party leaves ,Khairagarh assembly, by-election

राजनांदगांव। खैरागढ़ विधानसभा क्रमांक 73 के उपचुनाव के लिए राजनांदगांव शहर के बीज निगम कार्यालय से मतदान दलों को मतदान सामग्री देकर 291 मतदान केंद्रों के लिए सोमवार सुबह रवाना किया गया।

खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के तहत मंगलवार 12 अप्रैल को मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी, जिसके लिए खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों के लिए आज राजनांदगांव शहर के बीज निगम कार्यालय से मतदान दलों को मतदान सामग्री देकर रवाना किया गया। इस संबंध में राजनांदगांव कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तारण प्रकाश सिन्हा ने कहा कि मतदान दलों को प्रशिक्षण देखकर मतदान के लिए रवाना किया गया है। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। वहीं 150 मतदान केंद्रों में लाइव वेबकास्टिंग के जरिए निगरानी की जाएगी। मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए 291 मतदान केंद्र बनाए गए, जिनमें महिलाओं के लिए दो संगवारी पोलिंग बूथ भी बनाया गया है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने खैरागढ़ के मतदाताओं से अपने मताधिकार का शत-प्रतिशत उपयोग करने की अपील की है।

खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल दो लाख 11 हजार 516 मतदाता हैं। जिसमें पुरूरुष मतदाता एक लाख छह हजार 266 तथा महिला मतदाता एक लाख पांच हजार 250 हैं। इनमें 80 वर्ष से अधिक एक हजार 612 तथा नये मतदाता तीन हजार 752 है। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या एक हजार 11 और 89 सर्विस वोटर शामिल है। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान के प्रथम चरण के तहत डाक मतपत्रों से 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता जो मतदान केन्द्र तक पहुंचने में असमर्थ थे उन्हे चिन्हित कर मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जा चुकी है जिसके तहत 104 लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया है। वहीं अब 12 अप्रैल को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के जरिए मतदान की प्रक्रिया 291 मतदान केन्द्रों के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी। इनमें 283 मतदान केन्द्र और 8 सहायक मतदान केन्द्र बनाये गए हैं। जिसमें 53 अतिसंवेदनशील, 11 संवेदनशील, 86 राजनैतिक संवेदनशील और 5 सहायक मतदान केन्द्र के साथ 133 सामान्य मतदान केन्द्र शामिल हैं। 12 अप्रैल की सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक इन मतदान केन्द्रों में मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।