महापुरुष के विचार का अनुसरण कर कार्य करना ही सच्ची श्रद्धांजलि : डी पुरंदेश्वरी
raipur, Working by following ,thoughts ,D Purandeshwari

रायपुर। गुरुवार को भारत रत्न डॉक्टर बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट चौक स्थित डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा पर भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री डी पुरंदेश्वरी व पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने पार्टी के कार्यकर्ताओं व समाज के लोगों के साथ माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि आज के दिन भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ उनके विचारों का अनुसरण कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देवे।

उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहब ने जीवन भर जाति पात के भेदभाव से ऊपर सबको साथ रहने का संदेश दिया। आज उन्ही के विचारानुसार भाजपा का नारा है ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ अर्थात जाति पात के भेदभाव से परे सभी वर्गों के लिए समान रूप से विकास ।

बाबासाहेब के कार्यों को स्मरण करते हुए भाजपा उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि देश सदियों तक एकता और अखंडता के सूत्र में बंधा रहे ऐसा संविधान बाबा साहब ने देश को दिया है।

उन्होंने कहा जम्मू कश्मीर में धारा 370 व विशेष राज्य के दर्जे का पहला विरोध बाबा साहब ने किया था। नेहरू से उनसे इस मामले में स्पष्ट मतभेद थे। देश में छोटे राज्यों की परिकल्पना बाबा साहब ने की थी उन्हीं के चिन्हों पर चलते हुए अटल जी प्रशासन आम लोगों की पहुंच तक हो इसलिए छत्तीसगढ़ का निर्माण किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिव प्रकाश भी उपस्थित थे। साथ में नवीन मार्कंडेय, श्रीचंद सुंदरानी, मोतीलाल साहू, संजय श्रीवास्तव ,राजीव अग्रवाल, छगन मूंदड़ा, ओमकार बैस, मीनल चौबे, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।