सुरक्षा बल कैंप पर नक्सलियों का हमला
raipur,Naxalites attack , security force camp

रायपुर/बीजापुर। छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के कुटरू थाना क्षेत्र के जैगुर कैम्प में नक्सलियों ने रात के अंधेरे में एकाएक हमला करते हुए फायरिंग की और बैरल ग्रेनेड लॉन्चर दागे। इस हमले में 4 जवान बुरी तरह से घायल हुए है, जिनमें गंभीर रूप से घायल 2 जवानों को तड़के एयर लिफ्ट कर रायपुर रेफर किया गया है। वहीं, दो अन्य घायल जवानों का बीजापुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया है कि दो घायल जवानों को रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में ले जाया गया है।

घटनाक्रम नक्सल प्रभावित बीजापुर जिला के कुटरू थाना क्षेत्र का है। सुरक्षा बल कैम्प में जवान आराम कर रहे थे, इसी दौरान अचानक नक्सलियों ने कैम्प में हमला बोलते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग खोल दी। इस दौरान नक्सलियों ने कैम्प में जवानों पर यूबीजीएल भी दागे। ब्लास्ट की चपेट में आकर हेड कांस्टेबल जितेंद्र मंडावी और सुकेश्वर ध्रुव को गंभीर चोट आई है।

इस हमले में बुरी तरह से घायल सुकेश्वर ध्रुव का दाहिना पैर टूटने के साथ ही दाहिना हाथ बुरी तरह से जख्मी हुआ है और हाथ की एक अंगुली कट गयी है। वहीं, जितेंद्र मंडावी को भी पैर में गंभीर चोट है, जिन्हें सुबह 4 बजकर 52 मिनट पर एयर लिफ्ट कर रायपुर रेफर किया गया है। इस हमले में हेड कांस्टेबल अजीत और कांस्टेबल ओमप्रकाश दीवान भी घायल हुए है। जिनका बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

घायल जवान अजीत वटटी ने बताया कि रात करीब 10 बजे के लगभग नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवान मोर्चा संभालते तब तक नक्सलियों ने करीब 10 यूबीजीएल कैम्प पर दाग दिये। 2 घंटे तक चली मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई कर मुहतोड़ जवाब दिया गया। घायलों में तीन जवान जिला बल और एक जवान कांस्टेबल ओमप्रकाश दीवान सीएएफ का जवान है, जो कि इस हमले में घायल हुए है। डॉक्टरों ने सभी चारों घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई है।