उत्तराखंड में मुख्यमंत्री शिवराज सीढ़ियों से फिसलकर गिरे
bhopal, Chief Minister Shivraj, fell from stairs ,Uttarakhand

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार की रात उत्तराखंड में भाजपा नेता के भतीजे के रिशेप्शन में शामिल होने के लिए काशीपुर के उधम सिंह नगर पहुंचे थे। यहां वे सीढ़ियों से फिसलकर गिर गए। उनके साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें उठाया और फिर सभी चल दिए। मंगलवार को सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हुआ है।

 

मुख्यमंत्री चौहान उत्तराखंड में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के भतीजे के रिसेप्शन में शामिल होने के पहुंचे थे। रिसेप्शन काशीपुर के उधम सिंह नगर के होटल में था। इसमें शरीक होने के लिए कई राज्यों से भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के बड़े नेता आए थे। मुख्यमंत्री चौहान जैसे ही मेन गेट से आगे बढ़े और रिसेप्शन हॉल में जाने वाली सीढ़ियों पर पहुंचे, तभी उनका पैर फिसल गया। उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तुरंत उठा लिया। उठने के बाद मुख्यमंत्री चौहान मुस्कुराकर आगे चल दिए।

 

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ढाई महीने पहले भी फिसल गए थे। तब उनके पैर में चोट आई थी। वह हादसा मप्र के सीहोर जिले के प्रवास के दौरान हुआ था। मुख्यमंत्री जनवरी में सीहोर के शाहगंज इलाके में पार्टी कार्यकर्ता महेश पटेल के बेटे के निधन पर नारायणपुर में पुष्पांजलि अर्पित करने गए थे। महेश पटेल के घर पर पहली मंजिल दिवंगत की फोटो रखी हुई थी। मुख्यमंत्री चौहान जब सीढ़ी से होकर वहां जा रहे थे, तभी उनका पैर रोशनी के लिए खुली जाली में फंस गया था। उनके बांए पैर लोहे का सरिया घुस गया था।