युवा कलेक्टर उत्साहित अब शहर उदय चलाएंगे
shahar uday

 

 

 

 ग्राम उदय के साथ शहर उदय अभियान

नवाचारों की सराहना से बढ़ा उत्साह

 

ग्राम उदय से भारत उदय के दौरान किए गए नवाचारों को मिली सराहना से युवा कलेक्टर उत्साहित हैं। इन कलेक्टरों द्वारा अब ग्राम उदय अभियान की तर्ज पर शहर उदय अभियान अपने स्तर पर शुरू करने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री भी ग्राम की तर्ज पर शहरों में इसी तरह का अभियान चलाने की बात वीडियो कांफ्रेंसिंग में कह चुके हैं। राजगढ़ कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने ग्राम उदय से भारत उदय अभियान के दौरान टेलिफोन और मोबाइल पर जनसुनवाई का प्रयोग शुरू किया है। इसके  लिए तय नम्बर पर कॉल करने वाले लोगों की शिकायत खुद कलेक्टर सुनते हैं और लोगों की समस्या निराकृत करने के लिए अफसरों को निर्देश दे रहे हैं। कलेक्टर का यह प्रयोग लोगों को रास आ रहा है। इसे देखते हुए पिथोड़े ने जिला अधिकारियों से कहा है कि शिकायत करने वाले और समस्या सुनाने के लिए भटकने वाले लोगों से वे भी सीधे बात करें। ऐसा करने से लोगों का अफसरों के प्रति विश्वास बढ़ेगा और उन्हें घटनाक्रम की असली स्थिति को समझने में आसानी होगी जिससे समस्या सुलझाई जा सके। इसके अलावा पिथोड़े ने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए भी नवाचार किए हैं। अब वे चाहते हैं कि ग्राम उदय अभियान की तर्ज पर राजगढ़ जिले के शहरी इलाकों में भी शहर उदय अभियान चलाया जाए।

 पिथोड़े ने कहा कि शासन ने शहर उदय अभियान चलाने के संकेत दिए हैं। इसे देखते हुए वे कोशिश कर रहे हैं कि अभियान की जमावट जिले में पहले ही कर ली जाए। ऐसे में जब अभियान शुरू होगा तो शहरी लोगों की दिक्कतों का निराकरण करने में ज्यादा मशक्कत नहीं करनी होगी। शहरी क्षेत्र में बिजली, सड़क, पानी के अलावा जमीन के नामांतरण, सीमांकन के मामले ज्यादा होते हैं। इसके लिए प्लानिंग कर रहे हैं। साथ ही बीपीएल सूची के लिए भी काम शुरू  करा रहे हैं। शहरी पेंशनरों की पेंशन के प्रकरणों के निपटारे की जानकारी एकत्र की जा रही है।

बड़वानी कलेक्टर तेजस्वी नायक ने ग्राम उदय से भारत उदय अभियान खत्म होने के बाद पदभार संभाला है। ऐसे में वे भी जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों की स्थिति समझने में लगे हैं। नायक के अनुसार लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए वे परिस्थितियों को समझकर शहरी इलाकों में अभियान चलाएंगे। शहर के साथ ग्राम उदय अभियान के दौरान सामने आए प्रकरणों पर भी अमल का काम कराया जाएगा।