केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के स्वागत में उमड़ा भोपाल
bhopal,gathered to welcome, Union Home Minister

भोपाल। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भोपाल आगमन पर शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय और जोरदार स्वागत किया। शाम को श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर से प्रदेश भाजपा कार्यालय तक निकले उनके रोड शो के दौरान अल्पसंख्यक बहनों और कश्मीरी पंडितों ने जहां स्वागत में फूल बरसाए तो वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का आत्मीय स्वागत किया।

 

सुबह हवाई अड्डे पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्रियों एवं कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री शाह की अगवानी की। इसके बाद लाल परेड ग्राउंड पर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। यहां से वे दिन में निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल हुए।

 

दो किमी तक रोड शो में गूंजते रहे कार्यकर्ताओं के जयघोष

दोपहर में जंबूरी मैदान में आयोजित वन समितियों के सम्मेलन के पश्चात केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के साथ 5 नं. स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर पहुंचे। यहां से शाम को अमित शाह का रोड शो प्रारंभ हुआ। रोड शो के शुरुआत में भोपाल में निवासरत कश्मीरी पंडितों ने गृह मंत्री शाह का पुष्पवर्षा और आरती उतारकर स्वागत किया।

रोड शो में पार्टी कार्यकर्ता जयघोष के साथ आगे बढ़ रहे थे। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भगवा पगडी पहने चल रहे थे। श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर से शुरू हुए दो किमी तक के रोड शो में जगह-जगह पार्टी के कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों, भोपाल की सभी विधानसभा के कार्यकर्ताओं, केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों ने पुष्पवर्षा कर अमित शाह का अभिनंदन किया।

तीन तलाक से आजादी के लिए अल्पसंख्यक बहनों ने माना आभार

केन्द्रीय गृह मंत्री शाह का रोड शो जब 6 नं. पहुंचा तो हाथों में तख्तियां लिए खडी अल्पसंख्यक बहनों ने तीन तलाक से आजादी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया और अमित शाह का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान अल्पसंख्यक बहनें मोदी जी जिंदाबाद, भाजपा जिंदाबाद के नारे लगा रही थीं। इसी प्रकार अलग-अलग योजना के हितग्राहियों ने भी मंच के माध्यम से पुष्पवर्षा कर शाह का स्वागत किया।

 

प्रदेश कार्यालय में महापुरूषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रोड शो भाजपा कार्यालय पहुंचा। यहां पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने उनकी अगवानी की। इसके पश्चात शाह ने मुख्यमंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं केन्द्रीय मंत्रियों के साथ महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। उन्होंने केन्द्रीय मंत्रियों, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारियों एवं प्रदेश शासन के मंत्रियों की बैठक में भाग लिया।