Since: 23-09-2009
धमतरी।ग्रामीण अंचल में अक्ती पर्व उत्साह व उमंग के साथ मनाया गया। किसानों ने गांव के देवस्थल पर परंपरा अनुसार धान का दोना अर्पित कर अच्छे फसल की कामना की। गांव के ईष्ट ठाकुर देव की पूजा-अर्चना कर बेहतर खेती-किसानी और अच्छी बारिश के लिए कामना की। सुबह से रात तक शुभ संकेत के लिए किसान आसमान से हल्की बारिश का इंतजार करते रहे। सभी गांव में यह पर्व उत्साह के साथ मनाया गया।
ग्रामीण अंचलों में अक्ती पर्व का विशेष महत्व है। ग्रामीण पूजा अर्चना कर अपने पूर्वजों को याद करते हैं। जिलेभर के किसानों व ग्रामीणों ने अक्षय तृतीया पर्व को पारंपरिक ढंग से मनाया। प्रत्येक गांव में किसान सुबह से अपने-अपने घरों से दोना-पत्तल में धान लेकर ईष्ट ठाकुर देवता के पास इकट्ठे हुए। बैगाओं और वृद्धजनों ने ठाकुर देव की पूजा-अर्चना कर खेती किसानी और अच्छी बारिश के लिए कामना की। देवस्थल पर हल व कुदाल चलाकर खरीफ खेती-किसानी की शुरुआत की गई। पूजा-अर्चना पश्चात धान से भरे दोना को किसानों को वितरित किया, जिसे किसानों ने अपने खेतों में छिड़ककर अच्छे उत्पादन की कामना की। ग्राम मुजगहन में अक्ति का पर्व पूरे पारंपरिक ढंग से मनाया गया। देवस्थल पर ग्रामीण समूह में पहुंचे और ग्राम देवता की पूजा अर्चना की। भगवान से उन्नत फसल की कामना की। पूर्व सरपंच होमेश्वर साहू ने बताया कि ठाकुर देवता में पूजा पाठ करके धान खेत में डालकर नेग किया जाता है। गांव में सुख समृद्धि के लिए पूजा की जाती है।
इस कार्यक्रम में गांव के ग्राम पटेल भुवन साहू, सरपंच चंद्रशेखर साहू, रामदयाल साहू, लक्ष्मी नारायण, महेश्वर साहू, ज्ञान साहू, विचित्र वीर्य, लखनलाल नीलकंठ, भीखम, भूमेश, राजकुमार, जनक नेताम, नीतू, रामबगस साहू सहित अन्य मौजूद थे। सरपंच सत्यवान साहू, उपसरपंच खिलेश साहू, रेखराम यादव ने बताया कि अक्ती पर्व किसानों के लिए प्रमुख पर्व है। इसी दिन से किसान खरीफ सीजन के लिए खेती-किसानी की शुरुआत करते हैं। ईष्ट देव की पूजा-अर्चना कर बेहतर उत्पादन, अच्छी बारिश, गांव की शांति व्यवस्था, संक्रामक रोगों से बचाव आदि के लिए भगवान से कामना करते हैं। वहीं परिवार के मृतक सदस्यों को यादकर भोज कराते हैं।
MadhyaBharat
3 May 2022
All Rights Reserved ©2024 MadhyaBharat News.
Created By: Medha Innovation & Development
|