अपराधों को लेकर रायपुर बंद
raipur
 
अपराध के विरोध में दिखाए प्रतिकात्मक हथियार
 
 
रायपुर शहर में बढ़ती अपराधिक घटनाओं के विरोध में कांग्रेस और अन्य संगठनों द्वारा किए गए शहर बंद का व्यापक असर शनिवार को देखने मिला। शहर के विभिन्न बाजार पूरी तरह बंद रहे और रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड में भी वीरानी छाई रही। शहर के कुछ मॉल और शॉपिंग कांप्लेक्स भी पूरी तरह बंद रहे। कांग्रेस ने शहर में शांति मार्च निकाल कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी प्रतिकात्मक हथियारों की माला पहन कर प्रदर्शन करते नजर आए।
 
पिछले एक माह के दौरान राजधानी में हुई कई अपराधिक वारदातों के बाद शनिवार को विभिन्न संगठन सड़क पर विरोध में उतरे। इन वारदातों में ज्यादातर शहर के व्यापरियों को निशाना बनाया गया है। कानून व्यवस्था कमजोर होने का हवाला देते हुए व्यापारियों और कांग्रेस सहित आप व अन्य संगठनों ने इस शहर बंद का आह्वान किया था।
 
बाजार बंद होने और आवागमन का साधन नहीं मिलने की वजह से लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा। बंद के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल सहित अन्य नेताओं ने मोटर सायकल रैली निकाल कर जयस्तंभ चौक पर सभा की। साथ ही सराफा एसोसिएशन द्वारा पंडाल लगाकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन में भी भूपेश सहित कांग्रेसी नेता सामिल हुए।