मंदिरों की जमीनों से अनधिकृत अतिक्रमण हटाये जायेंगे
cm roza

 

 
 
मुख्यमंत्री निवास में हुआ  रोज़ाअफ्तार 
 
 
मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सामान्य वर्ग के गरीब और प्रतिभावान विद्यार्थी का चयन मेडिकल, इंजीनियरिंग या अन्य उच्च शिक्षा के लिये होने पर उनकी फीस राज्य सरकार द्वारा भरने की योजना बनाई जा रही है। मंदिरों की जमीनों से अनधिकृत अतिक्रमण हटाये जायेंगे। मंदिरों की जमीन पर लगी फसल में नुकसान पर पुजारी को मुआवजा दिया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ मुख्यमंत्री निवास पर ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि-मंडल को संबोधित कर रहे थे।उसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मुस्लिम समुदाय के साथ रोजा अफ्तारी की। 
 
मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि पुजारी बनाना समाज का काम है, सरकार का नहीं। राज्य सरकार इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं करेगी। मंदिरों के पुजारी जिस जमीन पर रह रहे हैं उसका पट्टा उन्हें दिया जायेगा। पुजारियों के मानदेय के लिये आवश्यक कदम उठाये जायेंगे। श्री चौहान ने कहा कि हमारी संस्कृति विश्व के कल्याण और सबके सुख की कामना करने वाली है। राज्य सरकार ने इसी संस्कृति के आधार पर काम करते हुए और कई कल्याणकारी योजनाएँ बनाई हैं। इनमें मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना जैसी योजनाएँ शामिल हैं।
 
मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि राज्य सरकार ने उज्जैन में मंदिरों का जीर्णोद्धार तथा भारतीय संस्कृति के सबसे बड़े पर्व सिंहस्थ महाकुंभ का सफल आयोजन करवाया है। साथ ही भगवान परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव का विकास किया है। पवित्र नर्मदा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिये 1300 करोड़ रूपये की योजना गई है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के कल्याण के लिये अनेक योजनाएँ शुरू की गई हैं।
 
जल संसाधन एवं जनसंपर्क मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष  शिव चौबे, राष्ट्रीय एकता परिषद मध्यप्रदेश के उपाध्यक्ष  रमेश शर्मा, जानापाव के महंत  बद्रीदास जी महाराज,  विष्णु शुक्ला बड़े भैया, पुजारी परिषद के अध्यक्ष  महेश व्यास मध्यप्रदेश पुजारी संघ के अध्यक्ष  नरेन्द्र दीक्षित, सर्व ब्राह्मण समन्वयक  विकास अवस्थी, मैथिल ब्राह्मण समाज के  यदुवंश झा, महाराष्ट्रियन ब्राह्मण समाज की  पूनम कुलकर्णी,  रामबाबू शर्मा, श्री श्याम पाठक,  एस.के. शर्मा और अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
 
मुख्यमंत्री निवास पर रोज़ा इफ्तार
सर्वधर्म समभाव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने आज अपने निवास पर रोज़ा इफ्तार का आयोजन किया। प्रदेश भर से बड़ी संख्या में रोज़ेदार इफ्तार में शामिल हुए। रोजेदारों ने मुख्यमंत्री का इस्तक़बाल किया। मुस्लिम भाई-बहनों ने नमाज़ पढ़ी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी। रोजे़दारों ने प्रदेश की तरक्की और खुशहाली के लिये दुआएँ माँगी।
 
स्कूल शिक्षा मंत्री कुँवर विजय शाह, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री  रूस्तम सिंह, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री  हर्ष सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  नंदकुमार सिंह चौहान, मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष  इमामुद्दीन, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष  शौकत अली, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष  हिदायतुल्ला शेख, सभी धर्म के धर्मगुरू, भोपाल, इंदौर और उज्जैन शहर के काजी और विभिन्न शहरों से आये रोजे़दार उपस्थित थे।
 
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री  चौहान ने सभी धर्म के त्यौहार और महत्वपूर्ण धार्मिक अवसरों को मुख्यमंत्री निवास में मनाने की परंपरा की शुरूआत की थी, जो लगातार जारी है। इसी श्रृंखला में आज रोज़ा इफ्तार रखा गया।