पति की हैवानियत...
haevan pati

 

पत्नी को सलाखों से दागा, जुबान काटी, कमर भी तोड़ी

 

आदर्श विधायक ग्राम बेनूर की रहने वाली महिला सखावती अपने पति के हैवानियत की शिकार हो गई है। मायके जाने के विवाद में आरोपी पति ने गर्म लोहे से जलाने के बाद उसकी जुबान तक काट दी  है। इतने में ही उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने पत्नी के कमर की हड्डी तोड़ डाली। इस मामले में अभी तक पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।

 

महिला एवं बाल विकास विभाग को सूचना देकर प्रशासन की टीम के साथ महिला के घर में दबिश दी गई। बेनूर थाना से कुछ दूरी पर मुख्य सड़क से लगे पीड़ित महिला के झोपड़ीनुमा घर में प्रवेश करने पर महिला अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ी मिली। उसके पास रखे भोजन में कीड़े तक पड़ गए थे। उसके पूरे कपड़े मूत्र से गीले पड़े थे। महिला के दयनीय हालत को देखते बेनूर पुलिस की मदद से उसे वाहन में बिठाकर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।

 

पीड़ित महिला की माता बुधमती सलाम ने बताया कि उनकी बेटी की शादी बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के भंडारसिवनी गांव में की गई थी। उसका पति दयाराम विश्वकर्मा आए दिन उनकी बेटी से मारपीट करता था। उन्होंने बताया कि परिवार में दुख होने पर उनकी बेटी बेनूर आ रही थी तभी आरोपी पति ने उसे रास्ते में रोककर मारपीट करते घर ले गया और गर्म लोहे से पूरे शरीर को दाग दिया।

 

इसके बाद उनकी बेटी की जुबान काट दी। उन्होंने बताया कि कमर की हड्डी तक टूट गई है। परिवार का कहना है कि गरीबी के चलते वे अपनी बेटी का इलाज कराने में असमर्थ हैं इसलिए उसे अस्पताल में भर्ती नहीं कराया था।

 

नारायणपुर की महिला संरक्षण अधिकारी किरण नैलवाल  ने बताया पीड़ित महिला के मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी। पीड़ित महिला के परिजनों का बयान लिया जा रहा है।