चुनाव की तैयारी पर संघ का मंथन
rss bhopal miting

धर्मांतरण-लव जेहाद, आरक्षण के मसले पर संघ चिंतित 

 

भोपाल में  भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में आरएसएस की समन्वय बैठक में आरक्षण मुद्दे पर बन रही वर्ग संघर्ष की नौबत पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही धर्मांतरण, लव जेहाद एवं आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव की रणनीति और तैयारियों पर मंथन किया गया।

 

मैराथन बैठक में संघ के सर कार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी एवं बाद में सह सरकार्यवाह कृष्णगोपाल ने सत्ता-संगठन से जुड़े कई मुद्दों की समीक्षा की। साथ ही पिछले महीने हुई समन्वय बैठक की रिपोर्ट पर चर्चा की। समन्वय बैठक के कई सत्रों में आनुषांगिक संगठनों के कामकाज की समीक्षा चलती रही।

 

इनमें प्रदेश व केन्द्र से जुड़े गंभीर मुद्दे चर्चा में रहे। बैठक में मप्र के सभी पदाधिकारी एवं छत्तीसगढ़, राजस्थान व गुजरात से सत्ता-संगठन के दो-दो प्रतिनिधि भी बुलाए गए हैं। इन चारों राज्यों के गवर्नेंस की समीक्षा की गई। अमित शाह ने भैयाजी जोशी और सह सरकार्यवाह कृष्णगोपाल से एकांत में लंबी चर्चा की। भाजपा से जुड़े मसलों पर कृष्णगोपाल ने प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, संगठन महामंत्री सुहास भगत एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से वन-टू-वन चर्चा की। 

 

चारों केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत, अनिल माधव दवे, फग्गन सिंह कुलस्ते सहित राष्ट्रीय पदाधिकारी कैलाश विजयवर्गीय एवं प्रभात झा बैठक में दिन भर मौजूद रहे। दो साल में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में संभागीय संगठन मंत्री एवं प्रदेश पदाधिकारियों सहित कुल 400 से अधिक प्रतिनिधि मौजूद हैं। इनमें संघ के करीब 55 आनुषांगिक संगठनों के प्रदेश एवं प्रांत स्तर के पदाधिकारी शामिल हैं। 

 

संघ को मिल रहे फीडबैक के आधार पर प्रदेश में केन्द्र की योजनाओं के प्रचार पर जोर दिया। साथ ही अजा, अजजा, कर्मचारी वर्ग एवं कार्यकर्ताओं की शिकायतें दूर करने को भी कहा गया।

 

संघ ने एक महीने में दूसरी बार समन्वय बैठक में सत्ता-संगठन को तलब किया है। पिछली बार जहां संघ के क्षेत्रीय पदाधिकारी मौजूद थे वहीं इस बार सर कार्यवाह के सामने उन्हीं मुद्दों पर फिर से विचार मंथन किया जा रहा है। मंत्रिमंडल विस्तार के एक महीने बाद 30 जुलाई को आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचारक अरुण जैन ने सत्ता-संगठन के वरिष्ठ नेताओं की समन्वय बैठक बुलाई थी। 

 

बैठक में संघ के मालवा, महाकौशल और मध्यभारत के प्रांत प्रचारक पराग अभ्यंकर, श्री रंगराजे एवं अशोक पोरवाल सहित संघ के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। प्रदेश पदाधिकारियों में विजेश लूनावत, वीडी शर्मा, रामेश्वर शर्मा,रंजना बघेल, अर्चना चिटनीस, विनोद गोटिया, अरविंद भदौरिया, कृष्णा गौर एवं सुदर्शन गुप्ता भी मौजूद थे।