Since: 23-09-2009
युवाओं को डिप्रेशन से बचाने 30 धावक दौड़ेंगे 8 हजार किलोमीटर
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि डिप्रेशन के बारे में जन-जागरूकता के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। इस समस्या से युवाओं को बचाना बहुत आवश्यक है। प्रयास यह होना चाहिए कि डिप्रेशन की समस्या हो ही नहीं पाए। दौड़ के आयोजन और अन्य जागरूकता गतिविधियों से लोगों को डिप्रेशन से बचाने के कार्य से जुड़ी संस्था हिमालय नाइट के प्रयास अनुकरणीय हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि युवाओं द्वारा डिप्रेशन के विरूद्ध विश्व की सबसे लम्बी रिले दौड़ का प्रयास सराहनीय है। करीब 8 हजार किलोमीटर की दौड़ में 30 धावक शामिल हैं। चंडीगढ़ से 10 नवम्बर को रवाना यह दौड़ 19 नवम्बर को महाकाल लोक की परिक्रमा भी कर आई है। प्रतिदिन 250 किलोमीटर की दूरी तय की जा रही है। यह दौड़ 24 घंटे चलती है। कुल 36 दिन तक दौड़ निरंतर चलेगी। इस दौड़ के मार्ग में हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और अन्य प्रांत शामिल हैं। रिले दौड़ नई दिल्ली में समाप्त होगी। आज भोपाल पहुँचे धावक दल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री चौहान के साथ स्मार्ट उद्यान में भी पौध-रोपण में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री चौहान ने संदीप आर्य, धावक दल के एक दिव्यांग सदस्य सहित चार बेटियों से चर्चा भी की।
MadhyaBharat
20 November 2022
All Rights Reserved ©2024 MadhyaBharat News.
Created By: Medha Innovation & Development
|