अंधविश्वास दूर करने अंगारों पर दौड़े एसपी-आईजी
अंगारों पर दौड़े एसपी-आईजी

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में पुलिस द्वारा अंधविश्वास निर्मूलन जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अंधविश्वास पर आधारित अपराधों पर रोकथाम और लोगों को जागरूक करना है।

कार्यक्रम में लोगों के मन से भ्रम दूर करने के लिए बिलासपुर रेंज के आईजी व मुंगेली एसपी नीथू कमल ने दहकते अंगारों पर नंगे पैर चलकर दिखाया कि ये सब सिर्फ अंधविश्वास है। उन्होंने बाबा लोगों के इस प्रकार के चमत्कार में नहीं पड़ने के लिए कहा।

अभियान जिले के तीनों ब्लॉक लोरमी ,पथरिया ,मुंगेली में बिलासपुर संभाग आईजी विवेकानंद सिंहा के निर्देश पर चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान लोगों के मन से भ्रम दूर करने के लिए जिला पुलिस द्वारा महाराष्ट्र और नागपुर से बुलाई विशेष टीम ने बैगा, ढोंगी द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रम का डेमो प्रस्तुत कर उसका खुलासा किया। त्यौहारों के समय ऐसे ढोंगी बाबा कपूर को हाथ में जलाकर त्रिशूल को जीभ में छेद कर नीबू से खून निकाल ,गिलास से गंगाजल या देवलोक के जल निकालने जैसी जैसे चमत्कार दिखाकर लोगों को आसानी से अपने जाल में फंसा लेते हैं।

नागपुर महाराष्ट्र से आई टीम ने स्कूली बच्चों ,ग्रामीणों को कई जादू दिखाए उन्होंने पानी से दिया जलाकर,नीबू से खून निकालकर, गिलास से गंगाजल निकालकर, अंगारे पर चलकर दिखाकर ग्रामीणों को समझाइश दी और बताया कि यह सिर्फ विज्ञान है।

कार्यक्रम में बच्चों ने उनसे कई सवाल पूछे जिसका उन्होंने जवाब दिया। अंधविश्वास का लाभ ढोंगी बाबा लूट के लिए इस्तेमाल करते हैं। आईजी विवेकानंद सिंन्हा और जिला पुलिस अधीक्षक नीथू कमल ने दहकते अंगारों पर नंगे पैर चलकर दिखाया।

उन्होंने बताया कि पहले पैरों को पानी से गीला कर लिया था। उसके बाद अंगारों पर तेजी से गुजरे इसलिए उसके पैर नहीं जले यह सब जादू नहीं है। इस प्रकार के कार्यक्रम चलाने से अंधविश्वास पर अधारित अपराधों में कमी आएगी और लोगों में जागरुकता फैलेगी जिससे ढोंगी बाबा के चमत्कारों में लोग नहीं पड़ेंगे। चिकित्सक सुविधा अभाव के कारण ढोंगी बाबा के चमत्कार में जल्दी आ जाते हैं, जिससे अनेक अपराध घटती है। इसलिए मुंगेली पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।