मध्यप्रदेश में विकास और निवेश की असीम संभावनाएँ
shivraj landan

मुख्यमंत्री  चौहान की लंदन में प्रमुख उद्योगपतियों से भेंट

मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान की  लंदन में मध्यप्रदेश के विकास को लेकर अनेक उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा हुई। डि ला रू ग्रुप के श्री मार्टिन सुदरलेंड और श्री राबिन मेकेन्जी से मध्यप्रदेश में निर्माण के क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं और आपसी सहयोग पर चर्चा हुई। ग्रुप ने मध्यप्रदेश में निर्माण इकाई शुरू करने की इच्छा व्यक्त की। श्री चौहान ने श्री टिम बक्सटन और श्री नारमन मोल्टू से मध्यप्रदेश में अधोसंरचना विकास, मेट्रो प्रोजेक्ट, बस ट्रांसपोर्ट सिस्टम के संबंध में बातचीत की। यूनाइटेड किंगडम के उल्लेखनीय एवं प्रतिष्ठित और उद्योग के क्षेत्र में सफल प्यूरीको ग्रुप के संस्थापक प्रो. नाथूराम पुरी ने मध्यप्रदेश में कौशल उन्नयन के क्षेत्र में वित्तीय सहायता का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री  चौहान ने उद्योगपतियों से अलग-अलग समूह में चर्चा के दौरान बताया कि मध्यप्रदेश में विकास और निवेश की व्यापक संभावनाएँ हैं। उन्होंने कहा कि आपकी विशेषज्ञता और तकनीकी सहयोग से हम प्रदेश को प्रगति की नई ऊँचाइयों पर ले जाने में सफल होंगे।

मध्यप्रदेश खर्च करेगा 75 हजार करोड रूपये

मध्यप्रदेश अगले तीन साल में शहरों के विकास पर 75 हजार करोड़ रूपये खर्च करेगा ताकि बड़े शहरों के साथ छोटे शहरों का भी समान रूप से विकास हो। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लंदन में आज स्मार्ट सिटी विकास में रूचि रखने वाले निवेशकों और विशेषज्ञों को यह जानकारी देते हुए ब्रिटेन से स्मार्ट सिटी के विकास में सहयोग देने का आग्रह किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल उपस्थित थे।

श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि ब्रिटेन के पास उपलब्ध स्मार्ट सिटी विकास और प्रबंधन की विशेषता और आधुनिक टेक्नालॉजी का सहयोग मध्यप्रदेश को मिलेगा, तो विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने कहाकि हम ब्रिटेन की विशेषज्ञता का सहयोग लेकर मध्यप्रदेश को विकसित बनाना चाहते हैं।

श्री चौहान ने कहा कि ब्रिटेन और भारत के संबंध और मजबूत बनें। निवेश के मामले में भी एक दूसरे का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के अलावा मध्यप्रदेश में कई अनूठी परियोजनाएँ हैं। नदियों के जल का पूरा उपयोग हो इसलिये नर्मदा नदी के पानी को क्षिप्रा नदी में मिलाकर उसे जीवन दिया गया है। अधोसंरचना की कई परियोजनाएँ हैं। मेट्रो रेल प्रोजेक्ट, फ्लाई ओवर और हाइ-वे निर्माण की परियोजनाएँ चल रही हैं।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों से कहा कि उन्हें मध्यप्रदेश में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आयेगी। एक मित्र और सहयोगी के रूप में उनका स्वागत होगा।श्री चौहान ने लंदन के डिप्टी मेयर  राजेश अग्रवाल और कई कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की और उन्हें 22-23 अक्टूबर को इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आने का निमंत्रण दिया।मुख्यमंत्री के सचिव विवेक अग्रवाल ने निवेशकों को भारत सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना और मध्यप्रदेश की स्मार्ट सिटी विकास की कार्य-योजनाओं की जानकारी दी।इससे पहले मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं प्रतिनिधि-मंडल सदस्यों का लंदन पहुँचने पर भारतीय दूतावास के उच्च अधिकारियों ने स्वागत किया।