रेल हादसा राहत कार्य अब भी जारी
रेल हादसा  राहत कार्य अब भी जारी
रेल मंत्री नहीं पहुँच पाये घटना स्थल पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहाँ केन्द्रीय रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु और रेल राज्य मंत्री श्री मनोज सिन्हा से मुलाकात कर हरदा की रेल दुर्घटना के बाद चल रहे राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को निरस्त करते हुये आज मुख्य सचिव अंटोनी डिसा और पुलिस महानिदेशक सुरेन्द्र सिंह के साथ सुबह ही घटना स्थल के लिये रवाना हुए। उन्होंने पानी में भीगते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। केन्द्रीय रेल मंत्री प्रभु और रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा भी घटना-स्थल पर जाने के लिये दिल्ली से भोपाल आये लेकिन दोपहर से ही तेज बारिश और खराब मौसम के चलते हरदा नहीं पहुँच पाये।मुख्यमंत्री ने प्रभु को बताया कि जैसे ही दुर्घटना का पता लगा रात में 12.30 तक राज्य के आपदा राहत दल, राष्ट्रीय आपदा राहत टीम के सदस्यों और रेलवे के उच्च अधिकारियों के दल को तत्काल हरदा रवाना किया गया। हरदा, होशंगाबाद और खंडवा के कलेक्टरों को भी तत्काल घटना स्थल पर पहुँचने के लिये कहा गया। श्री चौहान ने कहा कि घटना स्थल के पास के गाँव वालों को खबर कर उन्हें जगाया गया और घायल यात्रियों की मदद के लिये भेजा गया। गाँव वाले तत्काल पहुँच कर बचाव कार्य में लग गये। हरदा, होशंगाबाद और खंडवा से प्रशासनिक अधिकारी रेल इंजन में बैठकर घटना-स्थल पहुँचे। इस बीच आर्मी के बचाव दल को भी सतर्क किया गया।श्री चौहान ने बताया कि तत्काल शुरू किये गये प्रयासों से भीषण दुर्घटना के बावजूद कई लोगों को बचा लिया गया। श्री चौहान ने रेल मंत्री को बताया कि शाम 4.30 बजे तक 28 लोगों की मृत्यु होने की खबर थी। इनमें से 11 की पहचान हो गयी और उनका पोस्ट मार्टम भी हरदा में किया गया। दिवंगत आत्माओं को अंतिम संस्कार के लिये उनके संबंधितों को सौंप दिया जायेगा। जिनकी पहचान नहीं हो पायी उन्हें गांधी मेडिकल कॉलेज, भोपाल लाया जा रहा है। उनकी पहचान होते ही परिजनों को सौंप दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भयंकर बारिश अनपेक्षित और कल्पना से परे थी। रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के सहयोग और बेहतर समन्वय से लोगों की जान बचाने के लिये हरसंभव प्रयास किये गये।मुख्यमंत्री चौहान ने घटना-स्थल के आसपास के गाँवों के लोगों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने तत्काल पहुँच कर राहत कार्य में हाथ बँटाया और घायल लोगों की जान बचाई।केन्द्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि प्रथम दृष्टया अकल्पनीय प्राकृतिक आपदा के कारण यह हादसा हुआ। मानवीय रूप से जो भी संभव था किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री चौहान और राज्य सरकार के प्रशासनिक तंत्र की सराहना करते हुए कहा कि दुर्घटना होने के तत्काल बाद सक्रिय होने से कई लोगों की जानें बच गयी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रशंसनीय कार्य किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। श्री प्रभु ने कहा कि क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रेक को जल्दी ही सुधार कर रेल यातायात को बहाल किया जायेगा। रेल मंत्रालय द्वारा हर प्रकार से घायलों को मदद दी जायेगी।इस औपचारिक बैठक में मुख्य सचिव अंटोनी डिसा और पुलिस महानिदेशक सुरेन्द्र सिंह उपस्थित थे।