छत्तीसगढ़ के Raigarh में शनिवार को बड़ा अग्निकांड हो गया। छातामुड़ा रोड स्थित एक कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पास स्थित हीरो बाइक शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों से शोरूम में रखी 43 नई और पुरानी बाइकें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दमकल विभाग को आग बुझाने के लिए पूरी रात मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और कबाड़ सामग्री रखी थी, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की गर्मी इतनी अधिक थी कि शोरूम की दीवारों में भी दरारें आ गईं। शोरूम कर्मचारियों ने समय रहते कई बाइकें बाहर निकाल लीं, लेकिन अफरा-तफरी के दौरान बाहर रखी गई 2 से 3 बाइक चोरी होने की भी खबर सामने आई है। इसके अलावा गोदाम परिसर में खड़े एक माजदा और एक छोटा हाथी वाहन भी जलकर खाक हो गए। जिला कमांडेंट ब्लासियुज कुजूर के अनुसार आग पर काबू पाने के लिए 11 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को लगभग नियंत्रित कर लिया गया है, हालांकि गोदाम के भीतर अब भी धुआं उठ रहा है। जूटमिल थाना पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शोरूम प्रबंधन का कहना है कि अब तक 43 बाइकें जलने की पुष्टि हो चुकी है और चोरी हुई बाइकों समेत कुल नुकसान 46 वाहनों तक पहुंच सकता है।
Patrakar Vandana singh

Medha Innovation & Development