Since: 23-09-2009

  Latest News :
भारत और यूएई अगली पीढ़ी के रक्षा उपकरणों के संयुक्त विकास एवं उत्पादन में तेजी लाने पर सहमत, अबू धाबी में हुई 14वीं संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की बैठक.   केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जारी किए फसल उत्पादन के अनुमान, 2025-26 में 3785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का नया कीर्तिमान.   संविधान दिवस समारोह में शामिल हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, बोलीं - न्यायिक स्वतंत्रता और जवाबदेही का समन्वय न्यायपालिका को शक्ति देता है.   मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण से की सौजन्य भेंट.   मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से की सौजन्य भेंट.   गरीबी उन्मूलन में कृषि और ग्रामीण विकास की भूमिका पर संयुक्त कार्यशाला संपन्न, बोले शिवराज - आपने योजनाएं नहीं, देश बनाया है.   जबलपुर में संविधान रक्षा संकल्प मार्च, पटवारी बोले - संविधान बचेगा तो लोकतंत्र बचेगा.   भोपाल में संविधान गौरव दिवस पर प्रदर्शनी और प्रबुद्धजन संगोष्ठी, मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ने किया संबोधित.   ऑपरेशन मुस्कान के तहत मध्यप्रदेश पुलिस की अंतरराज्यीय कार्रवाई, अन्य राज्यों से 12 नाबालिग बालक-बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब किया.   डायल-112 जवानों ने धार में त्वरित कार्रवाई कर महिला को सुरक्षित बचाया, मुरैना में घायल नीलगाय के बच्चे को उपचार एवं संरक्षण के लिए वन विभाग को सौंपा.   संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही : मुख्यमंत्री डॉ. यादव.   प्रदेश में अगले दो साल में होंगे 55 चिकित्सा महाविद्यालय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव.   आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक विवेचना और बेहतर समन्वय से सुदृढ़ होगी आपराधिक न्याय प्रणाली: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा.   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर होगा छह वर्षीय छयांश का पूरा उपचार.   संवेदनाओं से सुशासन की नई इबारत लिख रहे हैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय.   संविधान के आदर्शों पर चलकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर रही हमारी सरकार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय.   घर बैठे मोबाइल से मिला धान विक्रय का टोकन, कबीरधाम के कोठार केंद्र में किसान ने बेचा 50 क्विंटल धान.   पीएम जनमन योजना के तहत जशपुर को पांच बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति.  
आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक विवेचना और बेहतर समन्वय से सुदृढ़ होगी आपराधिक न्याय प्रणाली: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस और हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय समिट का आयोजन हुआ। ‘रिफॉर्म टू रियलिटी - छत्तीसगढ़ में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन का आकलन’ विषय पर आयोजित समिट में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, न्यायविदों एवं विधि शिक्षाविदों ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यावहारिक चुनौतियों, वैज्ञानिक विवेचना एवं आपराधिक न्याय प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

 

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा समिट में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ई-साक्ष्य एवं क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस ने मात्र तीन माह में राष्ट्रीय स्तर पर 26वें स्थान से 9वें स्थान पर पहुंचकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, निरंतर प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ की पुलिस को नए आपराधिक कानूनों के अनुसार पूर्णतः डिजिटल न्याय व्यवस्था वाला राज्य बनाना है। इसके लिए सभी को मिलकर कार्य करना है।

 

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस को अपनी स्थापना के महज 24 वर्षों के भीतर प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ सम्मान प्राप्त होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह सम्मान छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्यकुशलता, अनुशासन, पेशेवर प्रतिबद्धता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में पुलिस, अभियोजन, न्यायपालिका एवं विधि शिक्षाविदों के बीच निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपराधिक प्रकरणों में विवेचना की गुणवत्ता, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन एवं आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देकर दोषसिद्धि दर में सुधार लाया जा सकता है।

 

*उप मुख्यमंत्री शर्मा ने दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ*

 

भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने के 77 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने छत्तीसगढ़ पुलिस के नेतृत्व एवं कार्यों की सराहना की। उन्होंने मैदानी स्तर पर कार्यरत पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप निष्पक्ष एवं न्यायसंगत कार्रवाई करने पर बल दिया।

 

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए डिजिटल साक्ष्यों के प्रबंधन, ई-साक्ष्य एवं आधुनिक विवेचना पद्धतियों को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।

 

*35 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों का क्षमता संवर्धन*

 

पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक जी.पी. सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस और हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के संयुक्त प्रयासों से अब तक विभिन्न स्तरों के 35 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।

 

हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानंदन ने कानूनी सुधारों के अनुरूप संस्थागत क्षमता विकसित करने एवं निरंतर प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर जैसे प्रावधानों को आम नागरिकों के लिए न्याय की पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं नए आपराधिक कानूनों की मसौदा समिति के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रणबीर सिंह की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ पुलिस और हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के मध्य समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके तहत भारतीय पुलिस सेवा, राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों सहित मैदानी स्तर पर कार्यरत पुलिस अधिकारियों एवं नवनियुक्त उप पुलिस अधीक्षकों तथा उप निरीक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं पुनश्चर्या पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

 

*वैज्ञानिक विवेचना और दोषसिद्धि दर में वृद्धि पर विशेषज्ञों ने किया मंथन*

 

समिट के दौरान तीन विशेष तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा ने एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों में साक्ष्य संकलन, जब्ती की प्रक्रिया, वैधानिक प्रावधानों एवं प्रक्रियागत त्रुटियों को दूर करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

 

पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक कुमार तिवारी ने आपराधिक न्याय प्रणाली में पुलिस अधिकारियों की भूमिका एवं विवेचना की गुणवत्ता और शुचिता बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की। छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक न्यायालय के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने अधूरी विवेचना, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की छूटी हुई कड़ियों एवं फोरेंसिक रिपोर्ट में विलंब का न्यायिक निर्णयों पर पड़ने वाले प्रभावों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने अभियोजन का पक्ष मजबूत बनाने के लिए समयबद्ध एवं वैज्ञानिक विवेचना की आवश्यकता पर बल दिया।

 

*प्रदेशभर के लगभग 35 हजार पुलिसकर्मी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े*

 

समिट में प्रदेशभर से लगभग 300 पुलिस अधिकारियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया। वहीं यूट्यूब के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे प्रदेश के सभी जिलों के लगभग 35 हजार पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अभियोजन और फोरेंसिक विभाग के अधिकारी भी जुड़े।

 

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दीपांशु काबरा, पुलिस महानिरीक्षक ओ.पी. पाल, उप पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार, राज्य पुलिस अकादमी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, सोनिया उके, शुभम तोमर सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समन्वय हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव एवं सेंटर फॉर कम्पैरेटिव लॉ के प्रमुख अभिनव के. शुक्ला ने किया।

MadhyaBharat 26 November 2026

Comments

Be First To Comment....
Video

Page Views

  • Last day : 8641
  • Last 7 days : 45219
  • Last 30 days : 64212


x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.