Since: 23-09-2009

  Latest News :
भारत और यूएई अगली पीढ़ी के रक्षा उपकरणों के संयुक्त विकास एवं उत्पादन में तेजी लाने पर सहमत, अबू धाबी में हुई 14वीं संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की बैठक.   केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जारी किए फसल उत्पादन के अनुमान, 2025-26 में 3785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का नया कीर्तिमान.   संविधान दिवस समारोह में शामिल हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, बोलीं - न्यायिक स्वतंत्रता और जवाबदेही का समन्वय न्यायपालिका को शक्ति देता है.   मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण से की सौजन्य भेंट.   मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से की सौजन्य भेंट.   गरीबी उन्मूलन में कृषि और ग्रामीण विकास की भूमिका पर संयुक्त कार्यशाला संपन्न, बोले शिवराज - आपने योजनाएं नहीं, देश बनाया है.   जबलपुर में संविधान रक्षा संकल्प मार्च, पटवारी बोले - संविधान बचेगा तो लोकतंत्र बचेगा.   भोपाल में संविधान गौरव दिवस पर प्रदर्शनी और प्रबुद्धजन संगोष्ठी, मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ने किया संबोधित.   ऑपरेशन मुस्कान के तहत मध्यप्रदेश पुलिस की अंतरराज्यीय कार्रवाई, अन्य राज्यों से 12 नाबालिग बालक-बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब किया.   डायल-112 जवानों ने धार में त्वरित कार्रवाई कर महिला को सुरक्षित बचाया, मुरैना में घायल नीलगाय के बच्चे को उपचार एवं संरक्षण के लिए वन विभाग को सौंपा.   संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही : मुख्यमंत्री डॉ. यादव.   प्रदेश में अगले दो साल में होंगे 55 चिकित्सा महाविद्यालय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव.   आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक विवेचना और बेहतर समन्वय से सुदृढ़ होगी आपराधिक न्याय प्रणाली: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा.   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर होगा छह वर्षीय छयांश का पूरा उपचार.   संवेदनाओं से सुशासन की नई इबारत लिख रहे हैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय.   संविधान के आदर्शों पर चलकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर रही हमारी सरकार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय.   घर बैठे मोबाइल से मिला धान विक्रय का टोकन, कबीरधाम के कोठार केंद्र में किसान ने बेचा 50 क्विंटल धान.   पीएम जनमन योजना के तहत जशपुर को पांच बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति.  
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जारी किए फसल उत्पादन के अनुमान, 2025-26 में 3785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का नया कीर्तिमान
shivraj singh chauhan

नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज वर्ष 2025-26 के प्रमुख कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान तथा वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी किए। उन्होंने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के परिश्रम और सरकार की नीतियों का परिणाम है कि भारत आज चावल, दलहन, जूट, मिलेट्स (मोटे अनाज) और मसालों के उत्पादन में विश्व में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है।

 

*2025-26 में 3785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का सर्वकालिक रिकॉर्ड*

 

वर्ष 2025-26 में देश ने 3785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का सर्वकालिक रिकॉर्ड बनाया है, जो वर्ष 2024-25 के 3577.32 लाख टन के मुकाबले 208.06 लाख टन अधिक है। अल नीनो और मानसून की देरी जैसी मौसमी चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में 1671.43 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न पैदावार का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है।

 

*वैश्विक कृषि मंच पर भारत का दबदबा और बढ़ता निर्यात*

 

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज भारत न केवल अपनी घरेलू खाद्य जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि दुनिया के अन्न भंडार में भी बड़ा योगदान दे रहा है। वैश्विक कृषि रैंकिंग में भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है, जबकि गेहूं, कपास, मूंगफली व फल-सब्जियों में चीन के बाद तथा गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि हमारे पास चावल और गेहूं के पर्याप्त भंडार हैं। भारतीय चावल के निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट सहित दुनिया के कोने-कोने में भारतीय बासमती की सुगंध फैल रही है।

 

*दलहन व तिलहन में आत्मनिर्भरता और फसल विविधीकरण पर जोर*

 

केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि चावल और गेहूं में सरप्लस स्थिति हासिल करने के बाद अब सरकार का पूरा ध्यान फसल विविधीकरण तथा दलहन और तिलहन में देश को आत्मनिर्भर बनाने पर है। देश में दालों और खाद्य तेलों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी आवश्यकता को पूरा करने के लिए ‘दलहन मिशन’ और ‘तिलहन मिशन’ के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम अंतिम आंकड़ों में स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।

 

*वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमान: खाद्यान्न, दलहन और तिलहन में ऐतिहासिक कीर्तिमान*

 

*चावल और गेहूं:* कुल चावल उत्पादन पिछले वर्ष (2024-25) के 1501.84 लाख टन से 49.70 लाख टन बढ़कर रिकॉर्ड 1551.54 लाख टन पर पहुंच गया है। वहीं गेहूं उत्पादन भी 2024-25 के 1179.45 लाख टन की तुलना में 41.19 लाख टन बढ़कर 1220.64 लाख टन के ऐतिहासिक स्तर पर रहा।

 

*मक्का, श्री अन्न और दलहन:* मक्का उत्पादन 2024-25 के 434.09 लाख टन से बढ़कर 550.25 लाख टन हो गया। पोषक / मोटे अनाज का कुल उत्पादन 740.80 लाख टन रहा, जिसमें ‘श्री अन्न’ 172.09 लाख टन है। कुल दलहन उत्पादन 2024-25 के 256.83 लाख टन से 15.57 लाख टन बढ़कर 272.40 लाख टन रहा, जिसमें मूंग ने 43.96 लाख टन का नया रिकॉर्ड बनाया, जबकि चना 125.13 लाख टन और तुअर (अरहर) 35.99 लाख टन दर्ज किया गया।

 

*तिलहन और नकदी फसलें:* कुल तिलहन उत्पादन पिछले वर्ष के 429.89 लाख टन से 2.66 लाख टन बढ़कर रिकॉर्ड 432.55 लाख टन दर्ज किया गया। इसमें मूंगफली 131.71 लाख टन (पिछले वर्ष 119.42 लाख टन से 12.29 लाख टन अधिक) और रेपसीड व सरसों 137.66 लाख टन (पिछले वर्ष 126.67 लाख टन से 10.99 लाख टन अधिक) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे, जबकि सोयाबीन उत्पादन 126.36 लाख टन रहा। नकदी फसलों में गन्ना 5037.29 लाख टन, कपास 280.06 लाख गांठें (प्रत्येक 170 किलोग्राम) तथा जूट एवं मेस्ता 94.28 लाख गांठें (प्रत्येक 180 किलोग्राम) रहा।

 

*खरीफ 2026-27 के प्रथम अग्रिम अनुमान*

 

वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने बताया कि इस बार अल नीनो की वापसी, जून में मानसून की देरी (35% से 40% कम बारिश) और महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश जैसे प्रमुख कृषि क्षेत्रों में मिट्टी की नमी कम होने व सूखे की स्थिति से धान, मक्का, तुअर, सोयाबीन और कपास जैसी फसलों की बुवाई प्रभावित हुई। इसके बावजूद किसानों के अदम्य साहस, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिकों द्वारा विकसित जलवायु-अनुकूल किस्मों की बदौलत कुल खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है।

 

*प्रमुख खरीफ फसलों के अनुमान:* खरीफ चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन तथा पोषक / मोटे अनाज का कुल उत्पादन 381.05 लाख टन (मक्का 260.64 लाख टन, बाजरा 89.43 लाख टन, ज्वार 14.79 लाख टन, रागी 12.48 लाख टन और छोटे मिलेट्स 3.71 लाख टन) रहने का अनुमान है।

 

*खरीफ दलहन व तिलहन:* कुल खरीफ दलहन उत्पादन 71.32 लाख टन (तुअर 31.22 लाख टन, मूंग 16.59 लाख टन, उड़द 14.49 लाख टन और अन्य दालें 9.02 लाख टन) अनुमानित है। वहीं कुल खरीफ तिलहन उत्पादन 239.47 लाख टन (मूंगफली 111.68 लाख टन, सोयाबीन 102.44 लाख टन, अरंडी 18.97 लाख टन, तिल 4.91 लाख टन, सूरजमुखी 1.17 लाख टन और रामतिल 0.30 लाख टन) रहने की उम्मीद है।

 

*खरीफ नकदी फसलें:* प्रथम अग्रिम अनुमान में खरीफ सीजन के दौरान गन्ना 4543.39 लाख टन, कपास 248.66 लाख गांठें (प्रत्येक 170 किलोग्राम) तथा जूट एवं मेस्ता 97.06 लाख गांठें (प्रत्येक 180 किलोग्राम) अनुमानित है।

 

*डिजिटल क्रॉप सर्वे और त्रि-स्तरीय वैज्ञानिक सत्यापन से तैयार हुए आंकड़े*

 

कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि ये प्रारंभिक अनुमान हैं, जिन्हें कटाई के समय होने वाले फसल कटाई प्रयोगों (CCEs) के वास्तविक उपज आंकड़े प्राप्त होने के बाद द्वितीय और अंतिम अनुमानों में संशोधित किया जाएगा। दोनों वर्षों के आंकड़े राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्राप्त जानकारियों के साथ-साथ रिमोट सेंसिंग, साप्ताहिक फसल मौसम निगरानी समूह (CWWG), डिजिटल क्रॉप सर्वे, डिजिटल जनरल क्रॉप एस्टिमेशन सर्वे और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ परामर्श व त्रि-स्तरीय सत्यापन के बाद तैयार किए गए हैं।

MadhyaBharat 26 November 2026

Comments

Be First To Comment....
Video

Page Views

  • Last day : 8641
  • Last 7 days : 45219
  • Last 30 days : 64212


x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.