Since: 23-09-2009
भोपाल। 50 साल पुराने भारत टॉकीज ओवरब्रिज की मरम्मत के बाद गुरुवार को ट्रैफिक शुरू कर दिया गया। इसके पहले चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग एवं अन्य अतिथियों ने ब्रिज के रिनोवेशन का लोकार्पण किया। इसके बाद मंत्री सारंग ने ब्रिज पर जीप भी चलाई।
राजधानी भोपाल के करीब 50 साल पुराने भारत टॉकीज ओवरब्रिज से गुरुवार सुबह ट्रैफिक की शुरुआत कर दी गई। सुबह आठ बजे चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने ब्रिज का लोकार्पण किया। उनके साथ महापौर मालती राय भी थीं। इसके बाद मंत्री ने ब्रिज के ऊपर से जीप भी चलाई। ब्रिज के कुल 360 बेयरिंग और 15 ज्वाइंट बदले गए हैं। इससे ब्रिज की उम्र करीब 25 साल बढ़ गई है।
इसके पहले मंत्री सारंग ने आठ मई को आरओबी के रिनोवेशन वर्क का निरीक्षण किया था। रिनोवेशन में हो रही लेटलतीफी पर मंत्री सारंग नाराज हो गए थे। उन्होंने मौके पर ही पीडब्लूडी के प्रोजेक्ट इंचार्ज जावेद शकील को फटकार लगाते हुए कहा था कि 15 दिन दे रहा हूं। हर हाल में ब्रिज का काम पूरा कर लें। 25 मई को मैं लोकार्पण करुंगा। इसके बाद ब्रिज पर लोकार्पण के पोस्टर-बैनर भी लगा दिए थे। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने काम में तेजी लाई और गुरुवार सुबह मंत्री सारंग ने ब्रिज का लोकार्पण भी कर दिया।
ब्रिज के ऊपर की लेयर भी डालेंगे
मंत्री सारंग ने बताया कि भोपाल के बड़े क्षेत्र को स्टेशन से जोड़ने वाले भारत टॉकीज आरओबी का लोकार्पण कर दिया गया है। ब्रिज काफी पुराना होने से बेयरिंग खराब हो गए थे। पिछले दिनों निरीक्षण करके जल्द बेयरिंग बदलने की बात कही थी। 360 बेयरिंग और 15 एक्सपोनशन ज्वाइंट बदल दिए गए हैं। आज आरओबी पुन: ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है। अभी ब्रिज के ऊपर की लेयर नहीं डाली गई है। एक सप्ताह के ट्रायल के बाद यह लेयर डाली जाएगी, लेकिन ट्रैफिक शुरू कर दिया गया है। रिनोवेशन के काम का लोकार्पण करने के साथ ही मंत्री सारंग, महापौर मालती राय समेत अन्य जनप्रतिनिधि ब्रिज के ऊपर से करीब आधा घंटा घूमे।
गौरतलब है कि भारत टॉकीज आरओबी वर्ष 1973 में बना था। इसके जरिए अशोका गार्डन, रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 और 6, करोंद समेत नए-पुराने शहर से बेहतर कनेक्टिविटी होती है और हर रोज दो लाख से ज्यादा लोग इसके ऊपर से गुजरते हैं।
MadhyaBharat
All Rights Reserved ©2023 MadhyaBharat News.
Created By:
![]() |