Since: 23-09-2009
भोपाल। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के नीमच में चुनावी जनसभा में कहा कि यह जनता है, जिन्होंने देशहित में बड़े फैसले लेने वाली भाजपा की सरकार बनाई है। यह बात कांग्रेस को पच नहीं रही है। कांग्रेस देश में अस्थिरता फैलाना चाहता है, अराजकता फैलाना चाहती है। इसके लिए कांग्रेस ने न जाने किस-किस से समझौते किए हैं। जो लोग भारत के खिलाफ बोलते हैं, कांग्रेस उनके साथ खड़ी नजर आती है। इसलिए मध्य प्रदेश के लोगों को कांग्रेस से सतर्क रहना है। कांग्रेस देश के लिए सिर्फ समस्या पैदा करना जानती है, उसके पास कोई समाधान नहीं होता।
मोदी सतना और छतरपुर के बाद नीमच जिले में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नीमच का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ये धरती सीआरपीएफ की जन्मस्थली के रूप में जानी जाती है। यहां का फुटबॉल प्रेम भी किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद एमपी में सुशासन की निरंतरता, विकास और समृद्धि को है। ये आशीर्वाद भाजपा के ट्रैक रिकॉर्ड और मोदी की गारंटी को है। मोदी की गारंटी यानी हर गारंटी पूरे होने की गारंटी। इससे बड़ी गारंटी मध्य प्रदेश की जनता ने दी है। मध्य प्रदेश की जनता ने प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने की गारंटी दी है।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा फूट डालो और राज करो की नीति पर चली है। आजादी के समय कांग्रेस ने एक परिवार की भक्ति में राष्ट्र निर्माण के जज्बे को कुचल दिया। चाहे केंद्र हो या राज्य, कांग्रेस की सरकार ने हमेशा भ्रष्टाचार के नए-नए रिकॉर्ड बनाए हैं। एमपी में कांग्रेस बहुमत के लिए तरस रही है। कांग्रेस के पास विजन के नाम पर सिर्फ विरोध और विभाजन है। जहां विभाजन होता है, वहां विजन संभव नहीं होता है। इसके विपरीत भाजपा विकास के लिए कार्य कर रही है। जिन क्षेत्रों में कांग्रेस कभी गई ही नहीं उन क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी कहा करते थे कि ईमानदारी से शासन चलना चाहिए, रामराज्य लाना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने एक तरफ भ्रष्टाचार का किला खड़ा किया दूसरी तरफ भगवान राम को भी काल्पनिक बता दिया। डॉ. आंबेडकर कहा करते थे कि हर गरीब और वंचित को सम्मान का जीवन मिलना चाहिए। कांग्रेस ने इसका भी उलटा ही किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय 2जी घोटाला होता था, लेकिन आज भाजपा के शासनकाल में तीजी से विकास हो रहा है। देश में 5-जी नेटवर्क स्थापित किया जा रहा है। देश-दुनिया में एटीएम, क्रेडिट और इंटरनेट की टेक्नोलोजी पहले भी थी, लेकिन भारत में ये टेक्नोलॉजी बहुत देर में आई। कांग्रेस की नीयत कभी विकास की थी ही नहीं। सिर्फ 6-7 साल में भारत के भीम यूपीआई ने डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में क्रांति ला दी।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा और विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण को लटकाती रही। मोदी ने बहनों-बेटियों को दी ये गारंटी पूरी की। मोदी ने खदानों से लेकर सेना के अग्रिम मोर्चे तक, हर दरवाज़े बेटियों के लिए खोल दिए हैं। आज बेटियां सेना में भर्ती हो रही हैं, उनके लिए सेनाओं में अफसर बनने के नए रास्ते खुले हैं। सीआरपीएफ सहित हमारे सभी केंद्रीय बलों में बेटियों की संख्या तो बीते 10 वर्षों में दोगुनी से अधिक हो चुकी है। पुलिस भर्ती में भी बेटियों की संख्या कहीं अधिक हो चुकी है।
MadhyaBharat
All Rights Reserved ©2023 MadhyaBharat News.
Created By:
![]() |