Since: 23-09-2009
भोपाल/ नर्मदापुरम। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ सोमवार को नर्मदापुरम के पिपरिया और सिवनी मालवा में कांग्रेस की जनसभा में पहुंचे। यहां भाजपा सरकार पर गरजते हुए कमलनाथ ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा के संकल्प पत्र को कांग्रेस की नकल बताया बताते हुए कहा कि भाजपा ने चुनाव से 4 दिन पहले संकल्प पत्र जारी कर जनता को बुद्धू बनाने का प्रयास किया है। लेकिन जनता बहुत समझदार है। शिवराज सरकार की विदाई तय है।
कमलनाथ ने कांग्रेस के वचन दोहराते हुए कहा कि हमारी सरकार आने पर हम गेहूं के लिए 2600 रूपये समर्थन मूल्य देंगे और धान के लिए 2500 रूपये समर्थन मूल्य देंगे। हमारा मानना है कि किसानों की आर्थिक मजबूती हो। कांग्रेस की सरकार आने पर हम सभी माताओं और बहनो को 1500 रूपये प्रति महीने सम्मान राशि देंगे, गैस का सिलेंडर 500 रूपये में देने का काम करेंगे। शिवराज सिंह चौहान को आज प्रदेश का परेशान किसान और रोजगार के लिए भटकता नौजवान नहीं दिखता है।
उन्होंने कहा कि सभी चुनाव के अपने महत्व होते है, 17 तारीख को होने वाला चुनाव मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव है यह किसी पार्टी या किसी उम्मीदवार का चुनाव नहीं है। इसलिए अब आपको तय करना है कि आप मध्य प्रदेश को किस ओर ले जाना चाहते हैं। आज प्रदेश की तस्वीर आपके सामने है, भाजपा ने आज प्रदेश को चौपट प्रदेश बनाकर रख दिया है। मैं नौजवानों को देखता हूं तो मुझे बड़ी चिंता होती है, क्योंकि इन नौजवानों से पूरे मध्य प्रदेश का निर्माण होना है, लेकिन अगर इन्हीं का भविष्य अंधकार में रहा तो किस तरह से निर्माण होगा। आज शिवराज सिंह चौहान की घोषणा मशीन डबल स्पीड से चल रही है।
MadhyaBharat
All Rights Reserved ©2023 MadhyaBharat News.
Created By:
![]() |