Since: 23-09-2009

  Latest News :
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण से की सौजन्य भेंट.   मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से की सौजन्य भेंट.   गरीबी उन्मूलन में कृषि और ग्रामीण विकास की भूमिका पर संयुक्त कार्यशाला संपन्न, बोले शिवराज - आपने योजनाएं नहीं, देश बनाया है.   नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने राष्ट्रपति मुर्मु से की मुलाकात.   जिसके पास कौशल है, उसकी नौकरी कोई नहीं छीन सकता : लखनऊ में बोले प्रधानमंत्री मोदी.   49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर, कृषि-ग्रामीण विकास की भूमिका पर दिल्ली में होगा महामंथन.   ऑपरेशन मुस्कान के तहत मध्यप्रदेश पुलिस की अंतरराज्यीय कार्रवाई, अन्य राज्यों से 12 नाबालिग बालक-बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब किया.   डायल-112 जवानों ने धार में त्वरित कार्रवाई कर महिला को सुरक्षित बचाया, मुरैना में घायल नीलगाय के बच्चे को उपचार एवं संरक्षण के लिए वन विभाग को सौंपा.   संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही : मुख्यमंत्री डॉ. यादव.   प्रदेश में अगले दो साल में होंगे 55 चिकित्सा महाविद्यालय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव.   मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान 27 नवंबर को करेंगे सीप-अंबर परियोजना का लोकार्पण.   भारत सबसे बड़ा और सबसे सशक्त लोकतांत्रिक देश है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव.   घर बैठे मोबाइल से मिला धान विक्रय का टोकन, कबीरधाम के कोठार केंद्र में किसान ने बेचा 50 क्विंटल धान.   पीएम जनमन योजना के तहत जशपुर को पांच बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति.   पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रमुख योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश.   देश की विविधता ही सबसे बड़ी ताकत : उप मुख्यमंत्री अरुण साव.   धनोरा में सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय.   धनोरा में मुख्यमंत्री साय ने दी 132.69 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात.  
संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारें - राज्यपाल श्री पटेल
राज्यपाल पटेल

भोपाल : गुरूवार, नवम्बर 26, 2026

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि भारत जैसे विविधता से परिपूर्ण देश में संविधान के मूल्यों को संसद और न्यायालयों की सीमाओं से आगे ले जाकर जन-जन तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। युवाओं को संविधान के प्रति सम्मान और महत्व से परिचित कराना चाहिए। संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारने की प्रेरणा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं में संविधान के प्रति जुड़ाव को और अधिक गहरा करने के विशेष और निरंतर प्रयास किए जाएं। ऐसे प्रयास राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करते हैं। आत्मनिर्भर और विकसित भारत के नव निर्माण का आधार बनते है। राज्यपाल पटेल गुरुवार को डॉ. बी.आर. अंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, महू के आठवें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की। सभी को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।

 

राज्यपाल पटेल ने संविधान दिवस के अवसर पर संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने संविधान सभा के सभी सदस्यों का पुण्य स्मरण भी किया। संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

 

राज्यपाल पटेल ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय की सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और सामाजिक न्याय के मूल्य हमारी शिक्षण पद्धति, शोध और दैनिक व्यवहार में दिखाई देंगे। केवल सामाजिक समरसता की बात करना पर्याप्त नहीं बल्कि हम सबको अपने व्यवहार में भी इसे उतारना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षित व्यक्ति के व्यवहार में संवेदनशीलता, आत्मीयता और समानता का भाव होना अत्यंत आवश्यक है। किसी व्यक्ति के गरीब होने, साधारण कपड़े पहनने या वंचित समुदाय से आने के कारण उसके प्रति मन में कभी भेदभाव नहीं आना चाहिए।

 

राज्यपाल पटेल ने कहा कि दीक्षांत समारोह, विद्यार्थियों की केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की प्रगति का मूल्यांकन और भविष्य की दिशा निर्धारित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। समारोह में ली गई प्रतिज्ञा को केवल एक दिन नहीं बल्कि 365 दिन पालन करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन में खूब आगे बढ़ें, अच्छा प्लेसमेंट और सफलता प्राप्त करें। लेकिन व्यक्तिगत प्रगति में अपने माता-पिता, समाज और देश को कभी नहीं भूलें।

 

राज्यपाल पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों का दायित्व केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार विकसित करना भी है। विद्यार्थी पांच वर्ष या उससे अधिक समय संस्थान में बिताते हैं। इस अवधि में उन्हें ऐसी शिक्षा और संस्कार दी जाए, जिससे वे अपने परिवार, समाज और देश के लिए उपयोगी नागरिक बन सकें। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति एवं प्राध्यापकों से संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और वंचित समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान प्रयासों पर सतत् आत्मचिंतन का आह्वान किया।

 

राज्यपाल पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय का शोध केवल अकादमिक उपलब्धियों और शोध पत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शोध ऐसा हो जो समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान करे। शासन की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई दिशा देने में उपयोगी साबित हो। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों के विद्यार्थियों को शिक्षा और शोध से जोड़कर उनमें सामाजिक संवेदना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा समस्याओं के व्यावहारिक समाधान की क्षमता विकसित की जानी चाहिए।

 

राज्यपाल पटेल ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय नायक टंट्या मामा भील के संघर्ष और योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में समाज और देश के लिए असाधारण योगदान दिया। टंट्या मामा ने भी अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अदम्य साहस और देशभक्ति का परिचय दिया। इन महान जननायकों का जीवन युवाओं को समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। युवाओं को सभी जननायकों के व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेनी चाहिए।

 

राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रत्येक विद्यार्थी को चिंतन करना चाहिए कि वह भारत को विकसित बनाने में अपना क्या योगदान दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया और कहा कि नशामुक्त भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब युवा स्वयं नशे से दूर रहकर दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। राज्यपाल पटेल ने समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन कर किया। उन्होंने दीक्षांत समारोह की स्मारिका का विमोचन भी किया।

 

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक क्रांति और समानता का सबसे सशक्त माध्यम बनाया। उनकी जन्मभूमि महू में संविधान दिवस पर आयोजन गौरव का पल है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, शोध और नवाचार का उपयोग समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान तथा राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष हर्ष चौहान ने कहा कि संविधान निर्माताओं, विशेषकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने सामाजिक भेदभाव और असमानता को दूर करने के लिए अनेक दूरदर्शी प्रावधान किए। शिवगंगा अभियान के प्रमुख महेश शर्मा ने विश्वविद्यालय द्वारा भारत की पारंपरिक लोककलाओं को शिक्षा और पाठ्यक्रम से जोड़ने की पहल को क्रांतिकारी कदम बताया।

 

कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ रामदास आत्रेय ने स्वागत उद्बोधन दिया। विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन कुलसचिव डॉ. रचना ठाकुर ने किया। समारोह मे विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्यार्थी और उनके परिजन उपस्थित थे।

MadhyaBharat 26 November 2026

Comments

Be First To Comment....
Video

Page Views

  • Last day : 8641
  • Last 7 days : 45219
  • Last 30 days : 64212


x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.