Since: 23-09-2009
रायपुर, 23 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने किसानों की समृद्धि, महिलाओं की आत्मनिर्भरता और ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल की। मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। इससे धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के करीब 56 हजार ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। अब लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य चिकित्सा सेवाओं के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का लाभ अंतिम छोर पर बसे गांवों और हर परिवार तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। दूरस्थ वनांचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य और ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर देना सरकार का लक्ष्य है।
*कोंडानार प्रीमियम राइस का शुभारंभ*
मुख्यमंत्री ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ किया। इसके माध्यम से ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के करीब 730 किसानों द्वारा परंपरागत तरीके से उत्पादित धान को संगठित बाजार से जोड़ा जाएगा।
इन गांवों के किसान लंबे समय से बिना रासायनिक खाद के प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक पद्धतियों से धान की खेती करते आ रहे हैं। बाजार तक सीमित पहुंच के कारण उन्हें अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पाता था। अब जिला प्रशासन की पहल पर धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के नाम से बाजार में बेचा जाएगा। इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी।
*बिहान की दीदियां संभालेंगी प्रसंस्करण से विपणन तक की जिम्मेदारी*
इस ब्रांड की खासियत है कि इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को भी आर्थिक प्रगति के अवसर मिलेंगे। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वसहायता समूह की महिलाएं इस पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी। इससे उन्हें कृषि आधारित उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
*पेन खण्डा मुदिया के किए दर्शन*
धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन-पूजन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पेन खण्डा मुदिया कोनगुड़ परगना के 84 गांवों के ग्रामीणों के प्रमुख आराध्य हैं। उन्हें ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में भी श्रद्धा दी जाती है।
मुख्यमंत्री के पहुंचने पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से उनका स्वागत किया और साफा बांधकर सम्मान किया।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |