Since: 23-09-2009
भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की अहम कड़ी हैं। फार्मेसी केवल मुनाफे का व्यवसाय नहीं, पीड़ित मानवता की सेवा का माध्यम है। स्वस्थ भारत के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में विश्व फार्मासिस्ट दिवस और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। विषय था - ‘स्वस्थ भारत : एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से मुकाबला’। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से गरीब और जरूरतमंदों को बेहतर इलाज तक पहुंच आसान हुई है। स्वास्थ्य सेवाएं महानगरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी आधुनिक और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार हो रहा है।
एंटीबायोटिक के अनावश्यक उपयोग पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक लेना खतरनाक है। इससे रोगाणुओं में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और सामान्य संक्रमण का इलाज भी मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने फार्मासिस्टों से संकल्प लेने को कहा कि वे बिना चिकित्सकीय पर्चे के एंटीबायोटिक और अन्य प्रिस्क्रिप्शन दवाएं नहीं देंगे। मरीजों को दवा की सही खुराक, सेवन की अवधि और डॉक्टर की सलाह के महत्व के बारे में भी जागरूक करें।
उप मुख्यमंत्री ने राज्य फार्मेसी काउंसिल के नए भवन के प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |