Since: 23-09-2009
भोपाल। मंत्री इंदर सिंह परमार ने ‘यूथ एंड धर्म-2026’ के पोस्टर का विमोचन किया। प्रज्ञा प्रवाह के प्राक् लोकमंथन के तहत यह आयोजन 30 नवंबर को बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल के ज्ञान-विज्ञान भवन में होगा। इसकी थीम ‘वंदे मातरम् एवं युवा विमर्श’ है। इसमें युवाओं में राष्ट्रबोध, सांस्कृतिक चेतना और नेतृत्व क्षमता पर संवाद होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, लेखक पंकज सक्सेना और वक्ता अमी घनात्रा मुख्य वक्ता होंगे। प्रदेशभर से युवा, विद्यार्थी और प्रबुद्धजन शामिल होंगे।
‘यूथ एंड धर्म-2026’ का आयोजन 30 नवंबर को, वंदे मातरम् और युवा विमर्श पर होगा गहन मंथन, मंत्री परमार ने किया पोस्टर विमोचन
भोपाल, 18 नवंबर 2026
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने बुधवार को भोपाल स्थित अपने निवास कार्यालय में प्रज्ञा प्रवाह, मध्यभारत प्रांत द्वारा आयोजित होने वाले ‘यूथ एंड धर्म-2026’ के द्वितीय संस्करण के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
प्रज्ञा प्रवाह के प्राक् लोकमंथन के अंतर्गत यह महत्वपूर्ण आयोजन 30 नवंबर को बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल के ज्ञान-विज्ञान भवन में होगा। इस बार आयोजन की केंद्रीय थीम ‘वंदे मातरम् एवं युवा विमर्श’ रखी गई है। आयोजकों का उद्देश्य युवाओं को भारतीय चिंतन, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति दायित्वों के प्रति जागरूक करना है।
आयोजन में युवाओं में राष्ट्रबोध, सांस्कृतिक चेतना और नेतृत्व क्षमता के विकास पर विस्तार से मंथन होगा। युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका, भारतीय परंपरा और आधुनिक चुनौतियों पर खुलकर संवाद और विमर्श का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, शिक्षाविद् और प्रबुद्धजन सम्मिलित होंगे।
मुख्य वक्ता के रूप में राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, प्रख्यात लेखक एवं विचारक पंकज सक्सेना तथा लेखिका एवं वक्ता अमी घनात्रा युवाओं को संबोधित करेंगे। ये वक्ता वंदे मातरम् के भाव, राष्ट्रबोध, धर्म, संस्कृति और युवाओं के नेतृत्व जैसे विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
इस अवसर पर प्रज्ञा प्रवाह के युवा आयाम प्रमुख अभिषेक शर्मा ने मंत्री परमार से भेंट कर उन्हें आयोजन में आमंत्रित किया और पोस्टर का विमोचन कराया। कार्यक्रम में प्रज्ञा प्रवाह के व्यवस्था एवं संपर्क प्रमुख गौरीशंकर यादव सहित युवा आयाम टोली के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। आयोजकों ने बताया कि युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद जरूरी हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |