Since: 23-09-2009
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में 100 एकड़ पर 237 करोड़ रुपये की लागत से डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क बनाने की घोषणा की। उन्होंने भोपाल में प्रदेश की पहली डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला और गैलरी का शुभारंभ भी किया। इस लैब से 10 लाख साल तक पुरानी पुरातात्विक सामग्रियों की उम्र का वैज्ञानिक पता लगाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री सोमवार को मैपकास्ट के विज्ञान भवन में ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ कार्यशाला में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि उज्जैन सिर्फ धार्मिक नगरी नहीं, काल-गणना और खगोल विज्ञान का प्राचीन केंद्र रहा है। अब उसे साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। भोपाल को नॉलेज सिटी बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय ज्ञान परंपरा और वैज्ञानिक शोध को हमेशा बढ़ावा दिया है। पद्मश्री डॉ. वाकणकर ने सीमित संसाधनों में भारतीय पुरातत्व को नई दिशा दी। उन्हीं के नाम पर रातापानी अभयारण्य को राष्ट्रीय उद्यान का नाम दिया गया है।
अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि पार्क में आईआईटी इंदौर तकनीकी सहयोगी होगा। यहां शोध, पेटेंट, स्टार्ट-अप, इनक्यूबेशन और तकनीक के व्यावसायीकरण की सुविधाएं होंगी। खगोल विज्ञान, भारतीय ज्ञान प्रणाली, कृषि तकनीक-जलवायु अनुसंधान और एआई, क्वांटम, ब्लॉकचेन जैसी उभरती तकनीकों पर काम होगा।
कार्यक्रम में मैपकास्ट और धनुष क्वांटम टेक्नोलॉजी के बीच क्वांटम कंप्यूटिंग के लिए एमओयू हुआ।
विचारक सुरेश सोनी ने कहा कि भारतीय परंपरा में समय सिर्फ मापन नहीं, जीवन और प्रकृति से जुड़ा विषय है। उज्जैन को फिर दुनिया का काल-गणना केंद्र बनाने के लिए प्रमाण और प्रयोग पर आधारित शोध जरूरी है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |