Since: 23-09-2009
भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में बर्ड फ्लू (H5N1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की घोषणा की।
चौहान ने कहा कि मात्र 1 से 2 रुपये की किफायती कीमत वाली यह वैक्सीन बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट की दुनिया की पहली वैक्सीन है, जो लाखों पोल्ट्री किसानों की आजीविका को सुरक्षित करने के साथ-साथ पशुपालन क्षेत्र को सालाना होने वाले हजारों करोड़ रुपये के नुकसान से बचाएगी।
उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद अब बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट की दुनिया की पहली वैक्सीन बनाकर भारतीय वैज्ञानिकों ने नया इतिहास रचा है। वैज्ञानिकों की तपस्या को सलाम करते हुए उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों ने छुट्टियां त्यागकर और कड़े प्रोटोकॉल अपनाकर यह वैक्सीन तैयार की है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम हैं, जो खेती के साथ हर महीने नियमित आमदनी देते हैं। देश के सकल घरेलू उत्पाद में पशुपालन का 14 प्रतिशत और पोल्ट्री का 1 प्रतिशत योगदान है।
उन्होंने बताया कि खुरपका-मुँहपका रोग से औसतन 22,000 करोड़ रुपये, लंपी वायरस से 20,000 करोड़ रुपये, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये और पीपीआर से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होता था। इस तरह कुल 56,000 करोड़ रुपये के भारी नुकसान से अब स्वदेशी टीकों के माध्यम से देश को बचाया जा सकेगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |