Since: 23-09-2009
भोपाल। संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास द्वारा नगरीय निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए ई-नगरपालिका पोर्टल, जीआईएस एवं राजस्व संबंधी विषयों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम भौंरी स्थित सुंदरलाल पटवा राष्ट्रीय नगर प्रबंधन संस्थान में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, पोर्टल पर डेटा अपलोड करने, जीआईएस आधारित जानकारी के उपयोग तथा राजस्व संबंधी कार्यों की प्रक्रिया से अवगत कराना था, ताकि निकायों की कार्यक्षमता और राजस्व संग्रहण में सुधार हो सके। कार्यशाला में विभिन्न नगरीय निकायों के 75 राजस्व निरीक्षकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर उप संचालक नगरीय विकास एवं आवास अक्षत सिंह बुंदेला ने कहा कि ई-नगरपालिका पोर्टल नगरीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। निकायों की सहायता के लिए आईटी टीम सदैव उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि निकायों की आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए राजस्व वसूली जरूरी है और ई-नगरपालिका पोर्टल राजस्व संग्रहण एवं प्रबंधन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रहा है।
प्रशिक्षण में साकेत गौर ने जीआईएस एवं एमपीएचएस सर्वे की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति पर प्रस्तुतीकरण दिया। मनीष तिवारी और श्याम अवतार ने जीआईएस-गरुण पोर्टल पर उपलब्ध जानकारियों और उनके उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उपसंचालक एकता अग्रवाल ने राजस्व संबंधी नियमों एवं करारोपण पर प्रस्तुतीकरण दिया।
कार्यक्रम में प्रेरणात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को पोर्टल के व्यावहारिक उपयोग और नगरीय निकायों के राजस्व प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |