Since: 23-09-2009
रायपुर। धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासन अवैध भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण कर 120 कट्टा धान जब्त किया, वहीं 13 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कुरुद तहसील के ग्राम चर्रा में संयुक्त टीम ने फुटकर व्यापारी ओमप्रकाश महावर के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 13 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। अनियमितता सामने आने पर मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
ग्राम बिरझूली में निरीक्षण के दौरान छोटे व्यापारी राजेंद्र साहू के पास निर्धारित मात्रा से अधिक 80 कट्टा धान भंडारित पाया गया, जिसे जब्त कर लिया गया। ग्राम सेमरा में फुटकर व्यापारी रमेश खंडेलवाल के दुकान परिसर की जांच में 40 कट्टा अवैध धान मिला। इस धान को भी जब्त कर कार्रवाई की गई और आगामी वैधानिक कार्रवाई तक दुकान संचालक की सुपुर्दगी में रखा गया है। बिरझूली और सेमरा में कुल 120 कट्टा धान जब्त किया गया है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त टीमें धान के भंडारण, परिवहन और क्रय-विक्रय की नियमित जांच कर रही हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण, निर्धारित सीमा से अधिक धान संग्रहण या नियम विरुद्ध कारोबार पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |