Since: 23-09-2009
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम, पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और प्रदेश की साइबर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक साइबर अंशुमान यादव की अध्यक्षता में साइबर मुख्यालय भोपाल में राज्य स्तरीय साइबर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूरे वर्ष के दौरान प्रदेश में घटित साइबर अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और आम नागरिकों को बेहतर, त्वरित एवं भरोसेमंद पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीजी साइबर अंशुमान यादव ने कहा कि साइबर सेल की कार्यप्रणाली को नागरिकों की अपेक्षाओं और बदलती तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप और अधिक बेहतर बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सिटीजन सर्विस डिलीवरी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए अधिकारियों से कहा कि साइबर ठगी के शिकार पीड़ितों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने के स्पष्ट निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को समय पर आर्थिक राहत मिल सके और उनका खोया हुआ विश्वास पुलिस व्यवस्था में और मजबूत हो।
उन्होंने निर्देशित किया कि हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साइबर धोखाधड़ी के शिकार नागरिकों को समय पर सहायता मिले, उनकी शिकायतों की गंभीरता से जांच हो और प्रकरणों का प्रभावी निराकरण हो, यह सभी संबंधित इकाइयों की जिम्मेदारी है। बैठक में विशेष रूप से 1930 सिटीजन हेल्पलाइन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया, ताकि आम नागरिक किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में बिना देरी के सहायता प्राप्त कर सकें।
बैठक में पीड़ितों की सुरक्षा, साइबर अपराध संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा दर्ज प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर और जिला स्तर पर कार्यरत साइबर इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों से कहा गया कि सभी इकाइयां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान हो और साइबर अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए संयुक्त एवं सुनियोजित रणनीति पर काम किया जाए।
बैठक में यह भी बताया गया कि साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में साइबर शाखा को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। लंबे समय से रिक्त चल रहे पदों पर नई पदस्थापनाएं कर मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। इसी क्रम में लंबे समय से रिक्त पद पर डीआईजी डॉ. विनीत कपूर को पदस्थ किया गया है, साथ ही साइबर अपराधों में विशेष योग्यता रखने वाले एसपी साइबर साई कृष्णा थोटा ने भी पदभार ग्रहण किया है। नई पदस्थापनाओं से साइबर शाखा की क्षमता और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा आम नागरिकों को साइबर संबंधी सहायता अधिक तेजी से उपलब्ध कराई जा सकेगी।
बैठक में डीआईजी डॉ. विनीत कपूर एवं एसपी साइबर साई कृष्णा थोटा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |