Since: 23-09-2009
रायपुर। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने मरवाही विकासखंड के लरकेनी, निमधा, सिवनी और भर्रीडांड़ धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि धान खरीदी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्रों पर किसानों की संख्या, खरीदी के लिए लाई गई धान की मात्रा, गुणवत्ता, नमी, टोकन पर्ची और बारदानों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने समिति प्रबंधकों और फड़ प्रभारियों को निर्देश दिए कि खरीदी कार्य पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि धान की गुणवत्ता और नमी के निर्धारित मानकों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। तौल और खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने टोकन व्यवस्था सुचारु रखने और किसानों को निर्धारित तिथि व समय पर धान बेचने की सुविधा देने को भी कहा।
उन्होंने 21 क्विंटल प्रति एकड़, लिंकिंग सहित निर्धारित खरीदी सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पंजीयन, टोकन और धान खरीदी से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को नियमानुसार पूरा करने को कहा।
बारदानों की उपलब्धता पर कलेक्टर ने नए बारदानों के साथ पीडीएस और राइस मिलर्स से प्राप्त बारदानों की संख्या की समीक्षा की। उन्होंने नए और पुराने बारदानों में भरे धान की अलग-अलग स्टैकिंग करने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित हो सके।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |