Since: 23-09-2009
धमतरी। कुरुद विकासखंड के ग्राम भुसरेंगा स्थित भंशाली राइस मिल के भौतिक सत्यापन में अभिलेखों से अधिक 885 कट्टा धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत की गई।
17 नवंबर को नायब तहसीलदार कुरुद, खाद्य निरीक्षक कुरुद और मंडी निरीक्षक कुरुद की संयुक्त टीम ने मिल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मिल परिसर में रखे धान की वास्तविक मात्रा का सत्यापन किया गया और उसका मिलान अभिलेखों तथा पंजी में दर्ज विवरण से किया गया। इसी मिलान में मौके पर अधिक धान मिला।
अनियमितता सामने आने पर संयुक्त जांच दल ने मौके पर पंचनामा तैयार कर अतिरिक्त पाए गए 885 कट्टा धान की जब्ती की प्रक्रिया पूरी की। जब्त धान को नियमानुसार मिल संचालक की सुपुर्दगी में रखा गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के बाद से राइस मिलों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान भंडारण स्थलों की निगरानी तेज कर दी गई है। राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमें धान के स्टॉक, क्रय-विक्रय अभिलेखों और भंडारण की वास्तविक स्थिति की लगातार जांच कर रही हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |